इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका में जारी सरकारी शटडाउन का असर अब आम लोगों के जीवन पर दिखने लगा है। फंडिंग रुकने के चलते हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली पर दबाव बढ़ गया है, जिसके कारण उड़ानों में भारी देरी हो रही है। खासकर न्यूयॉर्क के नेवार्क एयरपोर्ट पर यात्रियों को घंटों इंतज़ार करना पड़ रहा है कई उड़ानें दो से तीन घंटे की देरी से उड़ान भर रही हैं।
न्यूयॉर्क और आसपास के एयरपोर्ट भी प्रभावित
न्यूयॉर्क सिटी के आपातकालीन प्रबंधन कार्यालय के अनुसार, नेवार्क हवाई अड्डे पर हो रही देरी का असर अब लागार्डिया और जेएफके जैसे अन्य प्रमुख हवाई अड्डों पर भी पड़ रहा है। “फ्लाइटअवेयर” वेबसाइट के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, रविवार शाम तक पूरे अमेरिका में 4,200 से अधिक उड़ानों में देरी दर्ज की गई, जबकि 550 से ज्यादा उड़ानें पूरी तरह रद्द कर दी गईं।
वेतन न मिलने से संकट गहराया
शटडाउन के चलते हवाई यातायात नियंत्रकों (Air Traffic Controllers) को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा कि जब तक शटडाउन जारी रहेगा, हवाई सेवाओं पर असर पड़ता रहेगा। उन्होंने चेताया कि “यदि वित्तीय गतिरोध नहीं टूटा, तो आने वाले दिनों में देरी और रद्द उड़ानों की संख्या और बढ़ सकती है।”
ये भी पढ़ें: परमाणु परीक्षण पर Donald trump का चौंकाने वाला बयान, ‘हमारे पास दुनिया को तबाह करने की क्षमता’
क्यों हुआ शटडाउन?
यह शटडाउन 1 अक्टूबर से शुरू हुआ था, जब कांग्रेस में अल्पकालिक फंडिंग बिल को लेकर सहमति नहीं बन पाई। डेमोक्रेटिक सांसदों ने बिल में ‘अफोर्डेबल केयर एक्ट’ (Affordable Care Act) के तहत स्वास्थ्य बीमा रियायतों के विस्तार को शामिल करने की मांग की थी, जिसे रिपब्लिकन पक्ष ने खारिज कर दिया। नतीजतन, सरकार के कई विभागों की फंडिंग रुक गई और प्रशासनिक कार्य ठप हो गए।
अर्थव्यवस्था और नागरिकों पर असर
अर्थशास्त्रियों का मानना है कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो अमेरिका की अर्थव्यवस्था पर दीर्घकालिक असर पड़ सकता है। हजारों सरकारी कर्मचारी वेतन के बिना काम कर रहे हैं, जबकि आम नागरिकों को हवाई यात्रा, पासपोर्ट सेवाओं और अन्य सरकारी सुविधाओं में परेशानी झेलनी पड़ रही है।