Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका की कार्रवाई के बाद वेनेजुएला सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, डेल्सी रोड्रिग्ज को बनाया अंतरिम राष्ट्रपति

delcy rodrguez as acting president

delcy rodrguez as acting president

इंटरनेशनल डेस्क: वेनेजुएला में सत्ता और सुरक्षा से जुड़ा एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में लिए जाने के बाद वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला लिया है। कोर्ट ने देश की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी विशेष बलों ने मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। उन पर नार्को-टेररिज्म से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों को अमेरिका ले जाया गया है, जहां उन्हें न्यूयॉर्क की एक फेडरल कोर्ट में पेश किया जाएगा।

इस बीच वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ ने शनिवार को आदेश जारी किया। कोर्ट ने कहा कि राष्ट्रपति मादुरो की अनुपस्थिति में देश का प्रशासन सुचारु रूप से चलाने के लिए डेल्सी रोड्रिग्ज को कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाया जा रहा है। अदालत का कहना है कि यह फैसला देश की प्रशासनिक निरंतरता, राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे कानूनी प्रक्रिया और संवैधानिक ढांचे पर चर्चा जारी रहेगी, ताकि सरकार और राज्य की स्थिरता बनी रहे।

ये भी पढ़ें: Venezuela के राष्ट्रपति की गिरफ्तारी पर किम जोंग की अमेरिका को चेतावनी, कहा- मेरे मित्र को रिहा करो, वरना…

कौन हैं वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति?

डेल्सी रोड्रिग्ज का जन्म 18 मई 1969 को वेनेजुएला की राजधानी काराकास में हुआ था। वह एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता जॉर्ज एंटोनियो रोड्रिगेज एक वामपंथी नेता और पूर्व गुरिल्ला थे, जिन्होंने 1970 के दशक में समाजवादी आंदोलन को मजबूत किया था। डेल्सी रोड्रिग्ज को लंबे समय से निकोलस मादुरो की सबसे भरोसेमंद सहयोगी माना जाता है।

उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में कई अहम पद संभाले हैं। वर्ष 2013 से 2014 तक वह संचार और सूचना मंत्री रहीं। इसके बाद 2014 से 2017 तक उन्होंने वेनेजुएला की विदेश मंत्री के रूप में काम किया। साल 2017 में उन्हें संविधान सभा का प्रमुख बनाया गया, जिसने सरकार की नीतियों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। जून 2018 में डेल्सी रोड्रिग्ज को देश का उपराष्ट्रपति नियुक्त किया गया।

अगस्त 2024 में उन्हें तेल मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई। इस दौरान उन्होंने अमेरिका के कड़े प्रतिबंधों के बीच वेनेजुएला के तेल उद्योग को संभालने और स्थिर रखने की कोशिश की। पेशे से वकील डेल्सी रोड्रिग्ज ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ वेनेजुएला से शिक्षा हासिल की है। अपने प्रभावशाली व्यक्तित्व और स्टाइल के कारण भी वह चर्चा में रहती हैं।

मौजूदा संकट के बीच डेल्सी रोड्रिग्ज ने एक ऑडियो संदेश जारी कर अमेरिका से यह मांग की थी कि मादुरो और उनकी पत्नी के सुरक्षित होने के प्रमाण सार्वजनिक किए जाएं। मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर अमेरिकी सेना की ओर से भी जानकारी सामने आई है। अमेरिका के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी जनरल डैन केन के अनुसार, इस ऑपरेशन में 150 से ज्यादा विमान शामिल थे। उन्होंने बताया कि यह एक बेहद जटिल और सुनियोजित सैन्य अभियान था, जिसकी तैयारी कई महीनों से की जा रही थी।

जनरल केन ने कहा कि इस कार्रवाई के दौरान पूरी गोपनीयता बरती गई और पहले ही वेनेजुएला की वायु रक्षा प्रणाली को निष्क्रिय कर दिया गया था। इसके बाद राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी ने आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों को अमेरिकी न्याय विभाग की हिरासत में लिया गया और बाद में उन्हें यूएसएस इवो जिमा जहाज पर ले जाया गया।

अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर अमेरिका इस तरह के और अभियान चलाने के लिए तैयार है। इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ वेनेजुएला, बल्कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भी नई बहस और तनाव को जन्म दे दिया है।

ये भी पढ़ें: Gold Price Today: 3000 से अधिक सस्ता हुआ सोना, चांदी में उठापटक जारी, जानें इस हफ्ते कैसा रहा कारोबार

Exit mobile version