नई दिल्ली: रूस ने यूक्रेन पर गंभीर आरोप लगाया है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि यूक्रेन ने 28–29 दिसंबर की रात रूस के नोवगोरोड इलाके में स्थित राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सरकारी आवास पर ड्रोन हमला करने की कोशिश की। उनके अनुसार, इस हमले में लंबी दूरी के 91 ड्रोन इस्तेमाल किए गए, जिन्हें रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने समय रहते मार गिराया।
ऐसी हरकतें बिना जवाब के नहीं छोड़ी जाएंगी- रूस
लावरोव ने इस कथित हमले को “आतंकवादी कार्रवाई” बताया और कहा कि ऐसी हरकतें बिना जवाब के नहीं छोड़ी जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि रूसी सेना ने जवाबी कार्रवाई के लिए पहले ही कुछ लक्ष्य तय कर लिए हैं। हालांकि, उन्होंने यह साफ किया कि रूस यूक्रेन के साथ चल रही संभावित शांति बातचीत से पीछे नहीं हटेगा, लेकिन अब मॉस्को अपनी बातचीत की रणनीति की समीक्षा जरूर करेगा। रूसी मीडिया के मुताबिक, क्रेमलिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने इस घटना की जानकारी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दी, जिस पर वे काफी हैरान रह गए।
जेलेंस्की ने आरोपों को झूठा बताया
दूसरी ओर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के इन आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया है। उनका कहना है कि रूस इस तरह के दावे करके कीव में सरकारी इमारतों पर हमले की तैयारी कर रहा है और शांति वार्ताओं को कमजोर करना चाहता है। अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि जिस समय यह कथित ड्रोन हमला हुआ, उस वक्त राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने आवास पर मौजूद थे या नहीं।
Deeply concerned by reports of the targeting of the residence of the President of the Russian Federation. Ongoing diplomatic efforts offer the most viable path toward ending hostilities and achieving peace. We urge all concerned to remain focused on these efforts and to avoid any…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 30, 2025
प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिक्रिया
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस खबर पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि किसी भी नेता के घर को निशाना बनाना गलत है। पीएम मोदी ने जोर दिया कि दुश्मनी खत्म करने और स्थायी शांति पाने के लिए कूटनीतिक (डिप्लोमैटिक) बातचीत ही सबसे सही रास्ता है। उन्होंने सभी पक्षों से अपील की कि वे ऐसे कदम न उठाएं जो शांति की कोशिशों को नुकसान पहुंचाएं।

