Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

“AI साझेदारी से उज्जवल भविष्य”: WAIC 2026 में तय होगी AI के वैश्विक शासन की नई दिशा

July 17, 2026

“AI साझेदारी से उज्जवल भविष्य”: WAIC 2026 में तय होगी AI के वैश्विक शासन की नई दिशा

चीन के महानगर शांगहाई में 17 से 20 जुलाई तक एआई साझेदारी से उज्जवल भविष्यथीम के तहत 2026 विश्व कृत्रिम बुद्धिमत्ता सम्मेलन (WAIC) और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के वैश्विक शासन पर उच्च-स्तरीय बैठक का आयोजन किया जाएगा। यह 4-दिवसीय सम्मेलन कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में सहयोग, शासन और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक वैश्विक मंच उपलब्ध कराएगा।

इसका उद्देश्य एआई की उस परिवर्तनकारी क्षमता को रेखांकित करना है जो एक सहयोगात्मक शक्ति के रूप में दुनिया को एकजुट कर सकती है। साथ ही, यह मंच अंतरराष्ट्रीय सहयोग, अत्याधुनिक अनुसंधान और जनभागीदारी के जरिए साझा चुनौतियों और अवसरों पर गहन मंथन भी करेगा। संक्षेप में, WAIC 2026 केवल तकनीक का प्रदर्शन नहीं है। यह इस बात की पुष्टि है कि एआई साझेदारी से उज्जवल भविष्यको साकार करने के लिए देशों, वैज्ञानिकों और समाज को मिलकर आगे आना होगा।

WAIC: चीन सहयोग और जिम्मेदार एआई शासन का पक्षधर

2018 में शुरुआत के बाद से, वार्षिक WAIC सहयोग और संवाद के लिए एक विश्वस्तरीय मंच बन चुका है। यह मंच दुनिया के सामने चीन की सोच और शांगहाई के अभिनव एआई समाधानों को प्रस्तुत करता है। अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देकर और वैश्विक एआई चुनौतियों के समाधान के लिए चीन का दृष्टिकोण सामने रखकर, चीन विकास और सुरक्षा के बीच संतुलन साधने का प्रयास कर रहा है। इसका मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एआई मानवता की भलाई के लिए काम करे।

शांगहाई WAIC 2026: पैमाने और प्रभाव में नया रिकॉर्ड

इस साल का WAIC सिर्फ एक सम्मेलन नहीं, बल्कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता की दुनिया का सबसे बड़ा मंच बनने जा रहा है। 7 जुलाई की प्रेस कॉन्फ्रेंस के अनुसार, इस बार WAIC के इतिहास में सबसे ज्यादा प्रदर्शक और सबसे बड़ा प्रदर्शनी क्षेत्र होगा। शांगहाई वर्ल्ड एक्सपो एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर के 1,00,000 वर्ग मीटर में 1,100 से ज्यादा कंपनियां अपने नवाचार दिखाएंगी। अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, सिंगापुर, फ्रांस और स्पेन समेत दुनिया भर से आईं ये कंपनियां AI मॉडल, चिप्स, रोबोटिक्स और स्मार्ट ड्राइविंग जैसे क्षेत्रों में अपनी ताकत पेश करेंगी।

लेकिन WAIC सिर्फ हॉल तक सीमित नहीं है। वेस्ट बंड (West Bund) क्षेत्र में भविष्य की तकनीक का अनुभव मिलेगा, तो झांगजियांग (Zhangjiang) में स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को नवाचार की धुरी के रूप में दिखाया जाएगा। चार दिन में 140 से ज्यादा फ़ोरम और 3,000 से ज्यादा उत्पाद प्रदर्शित होंगे। इनमें 300 से ज्यादा नए AI समाधान अपनी वैश्विक शुरुआत करेंगे। ये आंकड़े बताते हैं कि शांगहाई अब सिर्फ एआई को होस्ट नहीं कर रहा, बल्कि इसकी दिशा तय कर रहा है। वैश्विक शासन, शैक्षणिक उत्कृष्टता, औद्योगिक सहयोग और जनभागीदारी को एक साथ जोड़कर WAIC 2026 AI के अगले चरण के लिए एक साहसिक दृष्टि पेश करता है। चीन का संदेश स्पष्ट है कि एआई का भविष्य बंद कमरों में नहीं बल्कि खुले सहयोग से बनेगा।

2023 की पहल से लेकर “चीनी तरीके” तक

गौरतलब है कि 2023 में राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने “वैश्विक एआई शासन पहल” का प्रस्ताव रखा था। इसका उद्देश्य बातचीत और सहयोग से आम सहमति बनाना, एक खुली, निष्पक्ष और प्रभावी वैश्विक शासन प्रणाली बनाना और मानवता के फायदे के लिए एआई तकनीक को बढ़ावा देना है। चीनी तरीके उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं के लिए एक रोडमैप दे रहे हैं। इससे वे पश्चिम-आधारित नैतिकता को छोड़कर गरीबी हटाने और इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने को प्राथमिकता देने वाली व्यावहारिक सोच अपना पा रही हैं।

आंकड़ों में चीन की एआई छलांग

हाल के वर्षों में चीन ने वैज्ञानिक और तकनीकी नवाचार में बड़ी छलांग लगाई है। चीन वैश्विक नवाचार सूचकांक में शीर्ष दस में शामिल हो गया है। एआई के क्षेत्र में भी चीन ने बड़ी सफलता हासिल की है। वैश्विक एआई पेटेंट में चीन की हिस्सेदारी 60% है। वर्ष 2025 तक चीन में एआई के मुख्य उद्योग का आकार 12 खरब युआन को पार कर गया है। बड़े पैमाने के मॉडल, बुद्धिमान एजेंट और एआई चिप्स तेजी से विकसित हो रहे हैं। इस वर्ष मानवरूपी रोबोटों का वार्षिक उत्पादन 1,00,000 इकाइयों से अधिक होने की उम्मीद है।

ओपन-सोर्स और इकोसिस्टम का विस्तार

मानवरूपी रोबोट और स्मार्ट टर्मिनल जैसे क्षेत्रों में नई प्रगति हो रही है। डीपसीक (DeepSeek) नाम का ओपन सोर्स AI मॉडल, जो चैटजीपीटी (ChatGPT) की तर्ज पर बनाया गया है, ने दुनिया भर में तहलका मचा रखा है। एटमगिट (AtomGit) जैसे ओपन-सोर्स समुदायों से 1.1 करोड़ से ज्यादा डेवलपर जुड़ चुके हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि चीन का AI इकोसिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है।

टेक दिग्गज और नए मॉडल

अलीबाबा (Alibaba), टेनसेंट (Tencent), हुआवेई (Huawei) समेत कई चीनी टेक कंपनियां अपने व्यवसाय में AI को तेजी से शामिल कर रही हैं और नए-नए नवाचार ला रही हैं। डीपसीक की वजह से चीन में ओपन सोर्स बड़े पैमाने के मॉडल्स में तेज़ी आ रही है। इसमें अलीबाबा का Tongyi Qianwen, टेनसेंट का Hunyuan, मूनशॉट एआई का Kimi K2 और झिपु एआई का GLM-4.5 शामिल हैं। ये सभी मॉडल्स शानदार प्रदर्शन दे रहे हैं और बड़े पश्चिमी मॉडल्स को टक्कर दे रहे हैं।

साझा जिम्मेदारी – मानवता के लिए एआई

कृत्रिम बुद्धिमत्ता अब परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा का चेहरा बदल रहा है। लेकिन ताकत जितनी बड़ी है, जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी है। मॉडल जैसे-जैसे ज्यादा सक्षम हो रहे हैं, उनके गलत इस्तेमाल का खतरा भी बढ़ रहा है। इससे वैश्विक सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। चीन इस चुनौती का जवाब कड़े नियमों और ज्यादा खुलेपन से दे रहा है। उसने मानव व्यक्तित्व और भावनाओं की नकल करने वाले एआई के लिए नए नियम जारी किए हैं। साथ ही राष्ट्रपति शी चिनफिंग की वैश्विक एआई शासन पहल और कार्य योजना को भी तेजी से लागू कर रहा है।

DeepSeek और Qwen जैसे ओपन-सोर्स मॉडल जारी करके चीन एआई को एक अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक वस्तु बना रहा है। इससे ग्लोबल साउथ के देशों को अपनी क्षमता बढ़ाने में मदद मिल रही है और यह तय हो रहा है कि एआई के फायदे सब तक बराबर पहुंचें। जहां एआई एक तरफ तरक्की ला सकता है और दूसरी तरफ खतरा भी बन सकता है, वहां चीन की बहुपक्षवाद, सुरक्षा और पहुंच पर जोर देने वाली सोच तकनीक को मानवता की भलाई की दिशा में ले जा रही है।

WAIC 2026 से वैश्विक सहयोग की उम्मीद

उम्मीद है कि इस WAIC आयोजन के दौरान होने वाले अंतरराष्ट्रीय संवाद, वैश्विक एआई शासन और सुरक्षा, वर्ल्ड मॉडल्स व एआई एजेंट्स के लिए बुनियादी मानकों, और वैश्विक डिजिटल बुद्धिमत्ता की खाई को पाटने, एआई औद्योगिक श्रृंखला में निष्पक्ष व्यापार सुनिश्चित करने, तथा ह्यूमनॉइड रोबोटिक्स और डिजिटल परिसंपत्तियों के क्षेत्र में मानदंड स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहेंगे।

WAIC 2026 और वैश्विक एआई शासन पर उच्च स्तरीय बैठक की मेजबानी कर, चीन का उद्देश्य एआई शासन और नवाचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को और मजबूत करना है। इसके साथ ही, वह सभी देशों के साथ मिलकर मानवता के साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण की दिशा में प्रयासरत है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)  (लेखक- रविशंकर बसु) 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें