Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

वांग यी ने रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव के साथ रणनीतिक बातचीत की

March 1, 2025

वांग यी ने रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव के साथ रणनीतिक बातचीत की

Russian Security Council Secretary : 28 फरवरी को चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के केंद्रीय पोलित ब्यूरो के सदस्य, सीपीसी केंद्रीय कमेटी के वैदेशिक मामले आयोग के कार्यालय के निदेशक वांग यी ने पेइचिंग में रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु के साथ मुलाकात की। वांग यी ने कहा कि चीन और रूस को दोनों राष्ट्राध्यक्षों द्वारा बनाई गई सहमति का पालन करना चाहिए, घनिष्ठ समन्वय बनाए रखना चाहिए और रणनीतिक सुरक्षा के क्षेत्र में आपसी विश्वास और सहयोग को गहरा करना चाहिए।

वांग यी ने कहा कि नये युग में चीन-रूस सम्बंध नये प्रकार के लचीलेपन और धैर्य का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस वर्ष विश्व फासीवाद विरोधी युद्ध की विजय की 80वीं वर्षगांठ तथा संयुक्त राष्ट्र की स्थापना की 80वीं वर्षगांठ है। द्वितीय विश्व युद्ध में प्रमुख विजयी देशों और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों के रूप में चीन और रूस पर द्वितीय विश्व युद्ध में विजय के परिणामों की संयुक्त रूप से रक्षा करने, द्वितीय विश्व युद्ध के इतिहास के सही दृष्टिकोण को संयुक्त रूप से बढ़ावा देने और विश्व शांति और विकास को संयुक्त रूप से बनाए रखने की जिम्मेदारी है।

सर्गेई शोइगु ने कहा कि रूस और चीन के बीच उच्च स्तर का राजनीतिक और रणनीतिक आपसी विश्वास है जो किसी भी बाहरी कारकों से प्रभावित नहीं होता है। रूस और चीन के बीच सर्वांगीण रणनीतिक साझेदारी सम्बंध दोनों देशों और उनके लोगों के मूल हितों के अनुरूप है। अंतर्राष्ट्रीय मामलों पर रूस और चीन की स्थिति अत्यधिक सुसंगत है।

शोइगु ने रूस-अमेरिका संपर्कों में नवीनतम स्थितियों और रूस के रुख और विचारों का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेनी संकट के मूल कारणों को समाप्त करने तथा एक स्थायी, निष्पक्ष और टिकाऊ शांति योजना की तलाश करने के लिए प्रतिबद्ध है। वांग यी ने कहा कि चीन शांति और वार्ता को बढ़ावा देने में रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा तथा यूक्रेनी संकट के राजनीतिक समाधान के लिए प्रयास करता रहेगा।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें