Site icon Dainik Savera Times

वांग यी ने श्रीलंका के विदेश मंत्री हेराथ से मुलाकात की

12 जनवरी को चीनी कम्युनिस्ट पार्टी(सीपीसी) की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और विदेश मंत्री वांग यी अफ्रीका की यात्रा से लौटते समय श्रीलंका में ठहरकर श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ से मैत्रीपूर्ण मुलाकात की।

वांग यी ने कहा कि चीन और श्रीलंका के बीच मित्रता की एक लंबी परंपरा है। पिछले वर्ष, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक से सफलतापूर्वक मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों के लिए नया रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान किया। चीन श्रीलंका में हाल ही में आए भीषण चक्रवात की आपदा के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त करता है और पहले अवसर पर ही सहायता का हाथ बढ़ाता है। हमें विश्वास है कि श्रीलंकाई लोग निश्चित रूप से जल्द ही इस आपदा से उबरेंगे, अपने सुंदर घरों का पुनर्निर्माण करेंगे और विकास की नई उपलब्धियां हासिल करेंगे। चीन श्रीलंका के साथ शासन में अनुभव साझा करने, विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने, मैत्रीपूर्ण जन-संचार को बढ़ावा देने, चीन और श्रीलंका के बीच सच्ची पारस्परिक सहायता और स्थायी मित्रता की रणनीतिक साझेदारी को निरंतर गहरा करने और साझा भविष्य वाले चीन-श्रीलंका समुदाय के निर्माण को बढ़ावा देने को तैयार है।

वांग यी ने कहा कि तेजी से जटिल और अस्थिर होते विश्व का सामना करते हुए, चीन विकासशील देशों, विशेषकर छोटे और मध्यम आकार के देशों के वैध अधिकारों और हितों की दृढ़ता से रक्षा करेगा, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के उद्देश्यों को दृढ़ता से कायम रखेगा, और समान विचारधारा वाले देशों के साथ मिलकर “जंगल के कानून” के पुनरुत्थान का विरोध करेगा, सत्ता के हर प्रकार के दुरुपयोग का मुकाबला करेगा और बहुपक्षवाद और अंतरराष्ट्रीय न्याय की रक्षा करेगा। चीन श्रीलंका द्वारा एक-चीन सिद्धांत के प्रति लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धता की सराहना करता है और श्रीलंका को उसकी राष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुकूल विकास पथ पर आगे बढ़ने में सहयोग देने के लिए तत्पर है। दोनों पक्ष दक्षिण एशिया की ओर उन्मुख क्षेत्रीय सहयोग को भी मजबूत कर सकते हैं और मिलकर एक अधिक न्यायपूर्ण और समान वैश्विक शासन प्रणाली का निर्माण कर सकते हैं।

वहीं, हेराथ ने चक्रवात आपदा के बाद श्रीलंका को चीन द्वारा दिए गए बहुमूल्य समर्थन और देश को कठिनाइयों से उबरने में मदद के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि श्रीलंका और चीन के बीच पारंपरिक मित्रता है, और श्रीलंका चीन को अपना सबसे विश्वसनीय रणनीतिक साझेदार मानता है। श्रीलंका चीन के साथ उच्च स्तरीय घनिष्ठ आदान-प्रदान बनाए रखने, अवसंरचना, समुद्री मामलों, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग को गहरा करने और श्रीलंका-चीन रणनीतिक साझेदारी के स्तर को निरंतर ऊंचा उठाने के लिए तत्पर है। श्रीलंका एक-चीन सिद्धांत का पालन करता है, चीन द्वारा अपनी संप्रभुता और प्रादेशिक अखंडता की रक्षा के प्रयासों का दृढ़तापूर्वक समर्थन करता है और विकासशील देशों के वैध अधिकारों और हितों की संयुक्त रूप से रक्षा के लिए बहुपक्षीय क्षेत्रों में चीन के साथ संचार और समन्वय को मजबूत करने के लिए तत्पर है।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

 

Exit mobile version