Site icon Dainik Savera Times

वांग यी ने ओमान और मिस्र के विदेश मंत्रियों के साथ फोन वार्ता की

इंटरनेशनल डेस्क : चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने 18 जून को ओमान के विदेश मंत्री बदर बिन हमद अल-बुसैदी के साथ फोन पर बातचीत की। इस मौके पर बदर ने कहा कि ईरान पर इजराइल का हमला संयुक्त राष्ट्र चार्टर व अंतर्राष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन ही नहीं ईरान की प्रभुसत्ता व प्रादेशिक भूमि का उल्लंघन भी है। ओमान वर्तमान स्थिति पर बहुत चिंतित है। चीन हमेशा अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में न्याय को कायम रखता है और शांति बनाए रखता है। ओमान इसकी प्रशंसा करता है। आशा है कि चीन मध्य-पूर्व क्षेत्र की शांति और स्थिरता बहाल करने में ज्यादा भूमिका निभाएगा।

वहीं, वांग यी ने कहा कि मुठभेड़ ने ईरान के परमाणु मामले की अप्रत्यक्ष वार्ता प्रक्रिया बाधित की है। इससे ओमान की मध्यस्थता की कोशिश व्यर्थ हो गई। चीन हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से सभी विवादों का निपटारा करने का पक्ष लेता है और बल के प्रयोग या बल प्रयोग की धमकी का विरोध करता है। चीन ओमान समेत 21 अरब और इस्लामिक देशों के संयुक्त वक्तव्य का समर्थन करता है और ओमान आदि क्षेत्रीय देशों के साथ संपर्क और समन्वय बनाए रखेगा।

उधर, चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने 18 जून को मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलती के साथ फोन पर बातचीत की। इस मौके पर अब्देलती ने कहा कि वर्तमान क्षेत्रीय स्थिति गंभीर है। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय इस पर चिंतित है। मिस्र ईरान के खिलाफ इजराइल के हमलों की निंदा करता है। आशा है कि ईरान के नाभिकीय मामले को यथाशीघ्र राजनीतिक समाधान की राह पर वापस लाया जाएगा।

वहीं, वांग यी ने कहा कि चीन फिर एक बार मुठभेड़ से जुड़े पक्षों, विशेषकर इजराइल से शीघ्र ही युद्धविराम कर तनाव शिथिल करने की अपील करता है, ताकि वार्ता पर लौटने के लिए स्थिति तैयार हो सके। चीन मिस्र के साथ यूएन समेत बहुपक्षीय मंचों पर संपर्क और समन्वय मजबूत कर शांति के लिए प्रयास करना चाहता है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version