Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन के प्रति गेविन न्यूसोम के दृष्टिकोण से वाशिंगटन के राजनेताओं को सीख लेने की ज़रूरत

October 27, 2023

चीन के प्रति गेविन न्यूसोम के दृष्टिकोण से वाशिंगटन के राजनेताओं को सीख लेने की ज़रूरत

अमेरिका के कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसोम इन दिनों चीन के दौरे पर हैं। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 25 अक्तूबर को उनसे मुलाकात की। न्यूसोम का चीनी नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कुछ विदेशी मीडिया ने बताया कि इससे पता चलता है कि चीन, चीन-अमेरिका स्थानीय सहयोग को बहुत महत्व देता है और बढ़ावा देने की उम्मीद करता है।

इस साल जून से, राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने गेट्स फाउंडेशन के सह-अध्यक्ष बिल गेट्स और पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री किसिंजर से मुलाकातें की हैं। उन्होंने एक के बाद एक अमेरिकी मित्रों को भी जवाबी पत्र लिखे हैं और व्यक्तिगत रूप से चीन और अमेरिका के बीच आदान-प्रदान और स्थानीय सहयोग को बढ़ावा दिया है। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कई अवसरों पर उल्लेख किया है कि चीन-अमेरिका संबंधों की नींव लोगों में है, आशा लोगों में है और भविष्य युवाओं में है। इस बार न्यूसोम से मुलाकात के दौरान एक और बात जोड़ी गई, यानी जीवन शक्ति स्थानीय क्षेत्रों में निहित है। इसे कैसे समझें? कैलिफ़ोर्निया और चीन के बीच संबंध पर विचार करें।

अमेरिका में पहला चाइना टाउन कैलिफोर्निया में बना, और सेन फ्रांसिस्को चीन में एक लोकप्रिय नाम है। जब चीनी लोग अमेरिका का दौरा करते हैं, तो ठहरने के लिए कैलिफ़ोर्निया अक्सर पहली पसंद होता है। कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय प्रणाली में चीनी छात्रों की संख्या 25 हज़ार हैं। आर्थिक और व्यापारिक दृष्टिकोण से चीन 2010 से कैलिफोर्निया का सबसे बड़ा आयात स्रोत और महत्वपूर्ण निर्यात बाजार रहा है, और लंबे समय से चीन कैलिफोर्निया का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार रहा है। 2022 में, कैलिफ़ोर्निया में लगभग 700 चीनी-वित्त पोषित कंपनियां थीं, जो 19 हज़ार से अधिक नौकरियां पैदा करती हैं। इस साल सितंबर में, “शांगहाई पोर्ट-लॉस एंजिल्स पोर्ट ग्रीन शिपिंग कॉरिडोर के लिए रूपरेखा कार्यान्वयन योजना” जारी की गई। यह मार्ग दुनिया के सबसे गतिशील शिपिंग मार्गों में से एक है।

कैलिफ़ोर्निया में अक्सर जंगल की आग लगती है और वह विशेष रूप से जलवायु परिवर्तन से सम्बंधित है। एसोसिएटेड प्रेस ने कहा कि कैलिफ़ोर्निया के दो पूर्व गवर्नर, ब्राउन और श्वार्ज़नेगर ने जलवायु सहयोग के लिए चीन का दौरा किया था। कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के बर्कले कॉलेज में कैलिफोर्निया-चीन जलवायु संस्थान की स्थापना भी हुई। पिछले साल, कैलिफ़ोर्निया ने चीन के पारिस्थितिकी और पर्यावरण मंत्रालय के साथ सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किया।

न्यूसोम की चीन यात्रा का एक अहम काम जलवायु परिवर्तन से निपटने में सहयोग तलाशना है। चीन दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और कैलिफोर्निया अमेरिका में “पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था” है, दोनों के बीच सहयोग महत्वपूर्ण है।

कैलिफ़ोर्निया अमेरिका में सबसे महत्वपूर्ण तकनीकी नवाचार अड्डों में से एक है। वैज्ञानिक और तकनीकी सहयोग में न्यूसोम ने रुचि दिखायी। उदाहरण के लिए, शनजन का दौरा करते समय, उन्होंने कहा कि शनजन ने कुछ ही वर्षों में इतना बड़ा स्मार्ट बस नेटवर्क बनाया है। “यह वास्तव में आश्चर्यजनक है। यही कारण है कि हम इस बार यहां आए हैं।” चीनी नई ऊर्जा वाहन बीयाडी चलाने के बाद, उन्होंने भावुक होकर कहा: “मैंने कई इलेक्ट्रिक वाहनों में सवारी की है, लेकिन यह एक छलांग है, जो प्रौद्योगिकी का अगला चरण है।”

इतना ही नहीं, न्यूसोम को चीन-अमेरिका संबंधों की तर्कसंगत और व्यावहारिक समझ है। उन्होंने एक साक्षात्कार में कहा कि अमेरिका-चीन सहयोग कोई ज़ीरो-सम खेल नहीं है। “चीन जितना अधिक सफल होगा, हम सभी उतने ही अधिक सफल होंगे।” ये बयान अमेरिका में चीन-अमेरिका संबंधों की वस्तुनिष्ठ समझ का प्रतिनिधित्व करते हैं और चीन-अमेरिका संबंधों के बारे में अमेरिकी समाज की समझ को दर्शाते हैं। 

चीन और अमेरिका का कुल आर्थिक उत्पादन दुनिया के एक तिहाई से अधिक है, कुल जनसंख्या दुनिया की लगभग एक चौथाई है, और द्विपक्षीय व्यापार की मात्रा दुनिया का लगभग पांचवां हिस्सा है। इसी पृष्ठिभूमि में, गवर्नर न्यूसोम की चीन यात्रा ने वाशिंगटन को एक अनुस्मारक के रूप में कार्य किया है। चीन के प्रति उनका तर्कसंगत और व्यावहारिक दृष्टिकोण वाशिंगटन के राजनेताओं से सीखने लायक है।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें