अफगानिस्तान में पश्चिमी कानूनों की कोई जरूरत नहीं: तालिबानी नेता
March 31, 2025
काबुल: तालिबान के एक नेता ने रविवार को कहा कि अफगानिस्तान में पश्चिमी कानूनों की कोई जरूरत नहीं है और जब तक शरिया कानून लागू है, तब तक वहां लोकतंत्र नहीं है। तालिबान नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा ने कंधार की ईदगाह मस्जिद में ईद-उल-फितर के अवसर पर धर्मोपदेश देते हुए यह टिप्पणी की।
उपदेश का 50 मिनट का ऑडियो तालिबान सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। अखुंदजादा ने इस्लामी कानूनों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पश्चिमी देशों के कानूनों की कोई आवश्यकता नहीं है। हम अपने कानून स्वयं बनाएंगे।
पश्चिम की आलोचना करते हुए अखुंदजादा ने रविवार को कहा कि गैर-मुस्लिम, मुसलमानों के खिलाफ एकजुट हो गए हैं। तालिबान नेता ने गाजा में इजरायल-हमास युद्ध का हवाला देते हुए कहा कि अमेरिका और अन्य देशों ने सामूहिक रूप से इस्लाम के प्रति शत्रुता दिखाई है।
अखुंदजादा ने कहा कि अफगानिस्तान में लोकतंत्र खत्म हो चुका है और शरिया लागू है। तालिबान ने अफगान महिलाओं और लड़कियों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं, उन्हें शिक्षा, कई नौकरियों और अधिकांश सार्वजनिक स्थानों तक पहुंच से वंचित कर दिया है। इस तरह के कदमों से तालिबान वैश्विक स्तर पर अलग-थलग पड़ गया है, लेकिन उसने चीन और संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देशों के साथ राजनयिक संबंध स्थापित किए हैं।