White House Firing: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस परिसर के पास अचानक हुई गोलीबारी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत इलाके को घेर लिया और पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया।
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अनुसार, बीती शाम 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू एनडब्ल्यू के पास एक संदिग्ध व्यक्ति ने अपने बैग से हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। मौके पर तैनात सीक्रेट सर्विस अधिकारियों ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान संदिग्ध को गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
U.S. Secret Service Office of Communications tweets, “Shortly after 6 PM Saturday, an individual in the area of 17th street and Pennsylvania Avenue pulled a weapon from his bag and began firing. Secret Service Police returned fire, striking the suspect, who was transported to an… pic.twitter.com/nIxsm5gClS
— ANI (@ANI) May 24, 2026
घटना में एक राहगीर के घायल
घटना में एक राहगीर के घायल होने की भी खबर सामने आई है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक घायल व्यक्ति की पहचान और स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटनास्थल के नजदीक मौजूद पत्रकारों ने कई गोलियों की आवाजें सुनीं। इसके तुरंत बाद सुरक्षा अधिकारियों ने पत्रकारों को प्रेस ब्रीफिंग रूम में जाने के निर्देश दिए और कुछ समय तक बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई।
घटनाक्रम की जांच में जुटी एजेंसियां
सीक्रेट सर्विस ने अपने बयान में कहा कि उन्हें व्हाइट हाउस से करीब एक ब्लॉक दूर गोलीबारी की सूचना मिली थी। एजेंसियां घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की पुष्टि करने और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई हैं।
मामले की गंभीरता से जांच
एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि संघीय एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। उन्होंने बताया कि एफबीआई की टीम भी सीक्रेट सर्विस के साथ मौके पर मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
FBI Director Kash Patel tweets, “FBI is on the scene and supporting Secret Service responding to shots fired near White House grounds…” pic.twitter.com/1hDDEJjA1F
— ANI (@ANI) May 23, 2026
व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे ट्रंप
घटना के समय राष्ट्रपति ट्रंप के व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद होने की पुष्टि की गई है। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार का खतरा नहीं पहुंचा। वहीं, वॉशिंगटन मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने फिलहाल मामले में विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार किया है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि संदिग्ध का उद्देश्य क्या था और क्या वह किसी बड़े खतरे की योजना बना रहा था। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और आसपास की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

