Site icon Dainik Savera Times | Hindi News Portal

महिला की खुली किस्मत, 30 साल पहले महज 32 रुपए में खरीदी किताब लाखों रुपए में बिकी

लंदनः करीब 30 साल पहले पुरानी किताबें बेचने वाली एक दुकान से महज 32 रुपए में खरीदी गई हैरी पॉटर श्रृंखला के पहले उपन्यास की शुरुआती प्रति (प्रूफ कॉपी) नीलामी में 11,000 पाउंड (करीब 11.5 लाख रुपए) में बिकी। ब्रिटिश नीलामीकर्ता हैनसन ने सोमवार को बताया कि ‘हैरी पॉटर एंड द फिलोसोफर्स स्टोन’ के प्रथम संस्करण की प्रति 1997 में दक्षिण लंदन की एक दुकान से 2 अन्य पुस्तकों के साथ कुल 40 पेंस (आज की दर से करीब 41 रुपए) में खरीदी गई थी। इस प्रति के आवरण पृष्ठ पर ‘असंशोधित प्रूफ कॉपी’ लिखा है।

हैनसन ने इस पुस्तक को खरीदने वाली महिला का नाम सार्वजनिक नहीं किया। उसने कहा कि विक्रेता ने इस पुस्तक को अन्य पुस्तकों के साथ यूं ही खरीद लिया था और खरीदने के बाद भी उसने कई वर्षों तक इसे नहीं पढ़ा या उस पर ध्यान नहीं दिया। उसे कई साल बाद ऑनलाइन जानकारी मिली कि हैरी पॉटर की प्रतियां अत्यधिक ऊंचे दामों पर बिक रही हैं।

यह पुस्तक बुधवार को ब्रिटेन के एक व्यक्ति को 11,000 पाउंड में बेची गई। नीलामी संस्थान के पुस्तक विभाग के प्रमुख जिम स्पेंसर ने कहा कि इस प्रति के अंदर के शीर्षक पृष्ठ पर लेखिका का नाम जे.के. रोलिंग के बजाय गलती से ‘जे ए रोलिंग’ लिखा है।

Exit mobile version