Site icon Dainik Savera Times

शी चिनफिंग ने डीपीआरके के प्रधान मंत्री से मुलाकात की

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 10 जुलाई को दोपहर के बाद पेइचिंग के जन वृहद भवन में डीपीआरके के प्रधान मंत्री पाक थे सोंग से मुलाकात की। शी चिनफिंग ने कहा कि पिछले महीने, मैंने डीपीआरके की राजकीय यात्रा की और महासचिव किम जोंग उन के साथ चीन और डीपीआरके के बीच पारंपरिक मित्रता को मजबूत करने और विकसित करने तथा इसे लगातार नए समकालीन महत्व से समृद्ध करने पर रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान किया। पीढ़ियों के बीच की मित्रता, एक साझा नियति और पारस्परिक सहायता हमेशा से चीन-डीपीआरके सम्बंधों की परिभाषित विशेषताएं रही हैं। चीन और डीपीआरके के बीच मैत्री, सहयोग और पारस्परिक सहायता की संधि ने दोनों देशों के लोगों के बीच रक्तपात से बनी जुझारू मित्रता को सुदृढ़ करने के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और कानूनी आधार तैयार किया।

शी चिनफिंग ने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान में, अंतरराष्ट्रीय स्थिति जटिल और अस्थिर है। चीन और डीपीआरके को रणनीतिक एकाग्रता बनाए रखनी चाहिए, रणनीतिक विश्वास को मजबूत करना चाहिए, मेरे और महासचिव किम जोंग उन के बीच बनी सहमति के कार्यान्वयन में तेजी लानी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दोनों पक्षों और देशों के बीच सम्बंध समय के साथ तालमेल बिठाते हुए हमेशा ऐसी दिशा में विकसित हों जो उनके सम्बंधित समाजवादी उद्देश्यों को मजबूत करने और उनके सम्बंधित राष्ट्रीय आधुनिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल हो।

पाक थे सोंग ने सर्वप्रथम महासचिव किम जोंग उन की ओर से महासचिव शी चिनफिंग को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डीपीआरके और चीन के बीच मैत्री, सहयोग और पारस्परिक सहायता संधि पर हस्ताक्षर की 65वीं वर्षगांठ के अवसर पर, महासचिव किम जोंग उन ने महासचिव शी चिनफिंग को चीनी पार्टी और जनता के नेक उद्देश्य का नेतृत्व करने में निरंतर सफलता की कामना की।

पाक थे सोंग ने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना की 105वीं वर्षगांठ और महासचिव शी चिनफिंग के नेतृत्व में चीनी जनता द्वारा हासिल की गई महान विकास उपलब्धियों पर हार्दिक बधाई व्यक्त की। महासचिव शी चिनफिंग ने इस वर्ष अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए डीपीआरके को चुना, जहां दोनों पार्टियों और देशों के शीर्ष नेताओं ने एक ऐतिहासिक बैठक की, जिसने द्विपक्षीय सम्बंधों में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया और डीपीआरके-चीन मित्रता के लिए जनमत की नींव को और मजबूत किया।

11 जुलाई को सुबह चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने पेइचिंग के जन वृहद भवन में डीपीआरके के प्रधान मंत्री पाक थे सोंग से बातचीत की। बातचीत से पहले ली छ्यांग ने पाक थे सोंग के लिए एक स्वागत समारोह आयोजित किया। 

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

 

Exit mobile version