23 जनवरी की सुबह, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला से फोन पर बातचीत की। शी चिनफिंग ने बताया कि 2024 में, राष्ट्रपति लूला और मैंने संयुक्त रूप से अपने द्विपक्षीय संबंधों को साझा भविष्य वाले चीन-ब्राजील समुदाय के स्तर तक ले जाने की घोषणा की थी, ताकि एक अधिक न्यायपूर्ण विश्व और एक अधिक टिकाऊ ग्रह के निर्माण के लिए मिलकर काम किया जा सके। पिछले एक वर्ष में, इस साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण में गति आई है, और हमारी विकास रणनीतियों का संयोजन अधिक गहरा और व्यावहारिक हो गया है, जो वैश्विक दक्षिण के देशों के बीच एकता और सहयोग का एक उदाहरण प्रस्तुत करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष चीन की 15वीं पंचवर्षीय योजना की शुरुआत हो रही है। चीन उच्च स्तरीय खुलेपन के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा देगा, जिससे चीन-ब्राजील सहयोग के अधिक अवसर मिलेंगे। चीन ब्राजील के साथ सभी क्षेत्रों में आपसी लाभ वाले सहयोग को व्यापक रूप से आगे बढ़ाने, चीन-ब्राजील संबंधों के अधिक विकास को बढ़ावा देने और एक उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर होने को तैयार है।
शी चिनफिंग ने इस बात पर जोर दिया कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय स्थिति उथल-पुथल भरी और अस्थिर है। वैश्विक दक्षिण के महत्वपूर्ण सदस्य होने के नाते, चीन और ब्राजील विश्व शांति और स्थिरता बनाए रखने तथा वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार और उसे बेहतर बनाने में रचनात्मक भूमिका निभा रहे हैं। उन्हें इतिहास के सही पक्ष में दृढ़ता से खड़ा होना चाहिए, दोनों देशों और वैश्विक दक्षिण के साझा हितों की बेहतर रक्षा करनी चाहिए और संयुक्त रूप से संयुक्त राष्ट्र की मूल स्थिति तथा अंतरराष्ट्रीय निष्पक्षता व न्याय को कायम रखना चाहिए। चीन लैटिन अमेरिकी और कैरेबियन देशों का एक अच्छा मित्र और भागीदार बनने तथा साझा भविष्य वाले चीन-लैटिन अमेरिका समुदाय के निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
लूला ने कहा कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग की 2024 में ब्राजील की ऐतिहासिक यात्रा ने ब्राजील-चीन संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया, जिससे अधिक न्यायपूर्ण विश्व और अधिक टिकाऊ ग्रह के लिए साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण के लिए मिलकर काम किया जा सके। दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। ब्राजील चीन के साथ द्विपक्षीय संबंधों और लैटिन अमेरिका-चीन संबंधों में अधिक विकास को बढ़ावा देने को तैयार है।
उन्होंने यह भी कहा कि ब्राजील और चीन बहुपक्षवाद को कायम रखने और मुक्त व्यापार का पालन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मौजूदा चिंताजनक अंतरराष्ट्रीय स्थिति को देखते हुए, ब्राजील संयुक्त राष्ट्र की गरिमा की रक्षा करने, ब्रिक्स सहयोग को मजबूत करने और क्षेत्रीय व वैश्विक शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए चीन के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

