Site icon Dainik Savera Times

शी चिनफिंग ने पीएलए डेली की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ पर बधाई पत्र भेजा

पीएलए डेली की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की केंद्रीय समिति के महासचिव, चीन लोक गणराज्य के राष्ट्रपति और केंद्रीय सैन्य आयोग के अध्यक्ष शी चिनफिंग ने सीपीसी केंद्रीय समिति और केंद्रीय सैन्य आयोग की ओर से समाचार-पत्र के सभी साथियों को हार्दिक बधाई देते हुए एक बधाई पत्र भेजा। अपने बधाई पत्र में शी चिनफिंग ने कहा कि 70 वर्षों से, पीएलए डेली ने हमेशा पार्टी के नेतृत्व का पालन किया है, पार्टी के ध्वज को बुलंद करते हुए पार्टी के सिद्धांतों, दिशा-निर्देशों, नीतियों और सिद्धांतों का सक्रिय रूप से प्रचार किया है, सैन्य निर्माण, सुधार और युद्ध तत्परता के व्यवहार को स्पष्ट रूप से प्रतिबिंबित किया है, और सीपीसी और चीनी सेना की उत्तम परंपराओं को आगे बढ़ाने, क्रांतिकारी सैनिकों की पीढ़ियों को तैयार करने तथा पीपुल्स आर्मी को विकसित और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

शी चिनफिंग ने इस बात पर जोर दिया कि पीएलए डेली को पार्टी और सेना की सेवा करने के अपने मिशन और जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक मानसिकता के साथ समाचार-पत्र चलाने की आवश्यकता को लागू करना चाहिए, सही राजनीतिक दिशा और जनमत मार्गदर्शन को समझना चाहिए, आधुनिक समाचार प्रसार के नियमों को समझना चाहिए, अपनी स्थिति के प्रति जागरूकता को मजबूत करना चाहिए, सत्य की खोज और व्यावहारिकता का पालन करना चाहिए, ईमानदारी को सक्रिय रूप से बनाए रखते हुए नवाचार करना चाहिए।

अधिक प्रभावी आधुनिक सैन्य संचार प्रणाली के निर्माण को बढ़ावा देना चाहिए, प्रचार के मुख्य चैनल और जनमत के मुख्य मार्गदर्शक के रूप में अपनी भूमिका को बेहतर ढंग से निभाना चाहिए, अधिकारियों और सैनिकों के दिलों तक बेहतर ढंग से पहुंचना चाहिए, एक मजबूत सेना के निर्माण की कहानी बतानी चाहिए और प्रशिक्षण व युद्ध तत्परता में सेवा करनी चाहिए, ताकि राष्ट्रीय रक्षा और सैन्य आधुनिकीकरण की उच्च गुणवत्ता वाले विकास के लिए शक्तिशाली ताकत जुटाई जा सके।

गौरतलब है कि पीएलए डेली की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ मनाने के लिए 31 दिसंबर को चीन की राजधानी पेइचिंग में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। बैठक में केंद्रीय सैन्य आयोग के उपाध्यक्ष चांग शंगमिन ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग का बधाई पत्र पढ़कर सुनाया।

बता दें कि पीएलए डेली केंद्रीय सैन्य आयोग का आधिकारिक समाचार पत्र है, जिसकी स्थापना 1 जनवरी, 1956 को हुई थी। फरवरी 2018 में, पीएलए डेली का अन्य प्रमुख सैन्य समाचार मीडिया के साथ विलय हो गया और पीएलए समाचार एवं संचार केंद्र का गठन हुआ, जो अब समाचार पत्रों, पत्रिकाओं, रेडियो, टेलीविजन, वेबसाइटों, पुस्तकों और अन्य मीडिया को एकीकृत करने वाले एक मल्टीमीडिया प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित हो चुका है। इसके 91 नए मीडिया प्रकाशन टर्मिनल हैं, जो कुल 36 करोड़ उपयोगकर्ताओं को कवर करता है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

Exit mobile version