शीत्सांग (तिब्बत) स्वायत्त प्रदेश की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह में भाग लेने के लिए केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 20 अगस्त को ल्हासा में शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश की पार्टी समिति और सरकार की कार्य रिपोर्ट सुनी। बैठक को संबोधित करते हुए शी चिनफिंग ने कहा कि नए युग में शीत्सांग पर शासन करने के लिए पार्टी की रणनीति को पूरी तरह लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने स्थिरता बनाए रखते हुए प्रगति की खोज करने के सिद्धांत पर ज़ोर दिया और कहा कि नई विकास अवधारणा को संपूर्ण और सटीक रूप से अपनाना होगा।
शी के अनुसार, उच्च-गुणवत्ता वाले विकास को मज़बूती से आगे बढ़ाना, स्थिरता, विकास, पारिस्थितिकी और सीमा की सुरक्षा जैसे चार प्रमुख मुद्दों पर लगातार ध्यान केंद्रित करना आवश्यक है, ताकि एकीकृत, समृद्ध, सभ्य, सामंजस्यपूर्ण और सुंदर समाजवादी आधुनिक नया शीत्सांग निर्मित किया जा सके।
शी चिनफिंग ने कहा कि शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश की स्थापना के पिछले 60 वर्षों में, सीपीसी केंद्रीय समिति के मज़बूत नेतृत्व और पूरे देश के लोगों के सहयोग से, क्षेत्रीय पार्टी समिति और सरकार ने विभिन्न जातीय समूहों के लोगों को कड़ी मेहनत और संघर्ष की भावना के साथ एकजुट किया है। उन्होंने क्षेत्रीय जातीय स्वायत्तता प्रणाली को न केवल कायम रखा, बल्कि उसमें निरंतर सुधार भी किया और अलगाववाद का दृढ़ता से विरोध किया।
इन प्रयासों से शीत्सांग ने आर्थिक और सामाजिक विकास में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और बर्फ से ढके इस पठार पर अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिले हैं। देश के अन्य हिस्सों के साथ-साथ शीत्सांग ने भी समय पर खुशहाल समाज का निर्माण पूरा किया और आधुनिक समाजवादी देश के निर्माण की नई यात्रा शुरू की।
इस अवसर पर शी चिनफिंग ने पार्टी केंद्रीय समिति की ओर से शीत्सांग के सभी जातीय समूहों, कार्यकर्ताओं और जनता को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दीं।
उन्होंने कहा कि शीत्सांग के शासन, स्थिरता और विकास के लिए सबसे पहले राजनीतिक और सामाजिक स्थिरता, जातीय एकता और धार्मिक सौहार्द बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने अपील की कि जातीय एकता और प्रगति के लिए शीत्सांग को राष्ट्रीय आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए राष्ट्रीय आम भाषा और लिपि के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना, विभिन्न जातीय समूहों के बीच आदान-प्रदान और एकीकरण को प्रोत्साहित करना और शीत्सांग तथा देश के अन्य हिस्सों के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और मानवीय आदान-प्रदान को मज़बूत करना आवश्यक है।
शी चिनफिंग ने शीत्सांग के विकास की विशिष्टताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार उच्च-गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। पठारीय संसाधनों और विशिष्ट लाभप्रद उद्योगों पर ध्यान केंद्रित करना होगा, विशेष रूप से कृषि, पशुपालन और स्वच्छ ऊर्जा के विकास पर। उन्होंने कहा कि संसाधन प्रसंस्करण उद्योग को निरंतर मज़बूत किया जाए, आधुनिक सेवा उद्योगों को बढ़ावा मिले और सांस्कृतिक तथा पर्यटन उद्योगों के एकीकरण को आगे बढ़ाया जाए।
साथ ही, पारिस्थितिक सभ्यता के निर्माण को और मज़बूत करना होगा। शी ने ज़ोर दिया कि कार्बन उत्सर्जन में कटौती, प्रदूषण कम करने, हरित विस्तार और सतत विकास के लिए संयुक्त प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि “विश्व की छत” और “एशिया की जल मीनार” की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इसके अलावा, शी चिनफिंग ने शीत्सांग में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा, बुजुर्गों और बच्चों की देखभाल जैसे जन-जीवन से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने के लिए हमेशा सीपीसी के नेतृत्व का पालन करना चाहिए और पार्टी निर्माण को मज़बूत बनाना होगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...