Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

यमन के हूती विद्रोहियों ने इजरायल के Ben Gurion Airport पर दागी मिसाइल

September 29, 2024

यमन के हूती विद्रोहियों ने इजरायल के Ben Gurion Airport पर दागी मिसाइल

सना: यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया कि उन्होंने तेल अवीव के पास बेन गुरियन एयरपोर्ट पर मिसाइल अटैक किया है। ग्रुप के अल-मसीरा टीवी पर शनिवार को प्रसारित एक बयान में, ग्रुप के सैन्य प्रवक्ता याह्या सारेया ने यह ऐलान किया। सारेया ने कहा कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आगमन पर बेन गुरियन एयरपोर्ट पर एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई।

बता दें नेतन्याहू शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने के बाद शनिवार को वापस देश लौट आए थे। सारेया ने कहा, ‘हूती ग्रुप, इजरायल के अपराधों का जवाब देना जारी रखेगा। गाजा पट्टी और लेबनान के समर्थन में अपनी कार्रवाई को बढ़ाने में संकोच नहीं करेगा।‘ इससे पहले इजरायली रक्षा बलों ने कहा कि उन्होंने यमन से लॉन्चड सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल को सफलतापूर्वक रोक दिया।

जानकारी के मुताबिक इस घटना की वजह से तेल अवीव सहित पूरे मध्य इजरायल में हवाई हमले के सायरन बजने लगे। इस बीच, हूती ग्रुप ने अल-मसीरा टीवी के जरिए हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की मौत पर तीन दिवसीय शोक की घोषणा की। नसरल्लाह की मौत शुक्रवार शाम को इजरायली एयर स्ट्राइक में हो गई।

उत्तरी यमन के बड़े हिस्से को नियंत्रित करने वाला हूती ग्रुप, नवंबर 2023 से देश के तट के पास इजरायल से जुड़े जहाजों पर हमला कर रहा है। उसका कहना है कि उसकी कार्रवाई इजरायलियों के साथ संघर्ष में फिलिस्तीनियों का समर्थन करने के लिए है। यह ग्रुप इजरायल विरोधी एक्सिस ऑफ रेजिस्टेंस के साथ जुड़ा हुआ है। इसमें ईरान, हिजबुल्लाह, हमास, इराक और सीरिया के आतंकवादी समूह भी शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें