Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

कीव पर रूस के हमलों के बाद Zelenskyy ने दक्षिण अफ्रीका का दौरा बीच में छोड़ा

April 24, 2025

कीव पर रूस के हमलों के बाद Zelenskyy ने दक्षिण अफ्रीका का दौरा बीच में छोड़ा

प्रिटोरिया: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने वीरवार को कहा कि कीव पर रात में रूस द्वारा किए गए घातक हमले के कारण वह दक्षिण अफ्रीका की अपनी आधिकारिक यात्र को बीच में ही छोड़ रहे हैं। जेलेंस्की की प्रिटोरिया में ‘यूनियन बिल्डिंग’ में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ बैठक निर्धारित है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच टेलीग्राम पर कहा कि वह बैठक के बाद स्वदेश लौटेंगे। रामफोसा ने ‘यूनियन बिल्डिंग’ की सीढ़ियों पर जेलेंस्की का स्वागत किया। जेलेंस्की बुधवार देर रात दक्षिण अफ्रीका पहुंचे और रात में ही रूस ने यूक्रेन की राजधानी पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया, जिसमें कम से कम 9 लोग मारे गए और 70 से अधिक लोग घायल हो गए। जेलेंस्की की यात्र ऐसे समय हुई है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन पर नए आरोप लगाए हैं।

ट्रंप ने कहा है कि जेलेंस्की तीन साल से चल रहे युद्ध को लंबा खींच रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि क्रीमिया छोड़ने से इनकार कर जेलेंस्की युद्ध को लंबा खींच रहे हैं। जेलेंस्की ने इससे पहले ‘एक्स’ पर लिखा कि दक्षिण अफ्रीका की यात्र से ‘न्यायपूर्ण शांति’ के प्रयासों में मदद मिलेगी और यह दौरा 20 विकसित और विकासशील देशों के समूह (जी 20) के सदस्यों से संवाद के कूटनीतिक प्रयास का हिस्सा है। दक्षिण अफ्रीका इस वर्ष जी20 की अध्यक्षता कर रहा है। रामफोसा ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की और दोनों नेताओं ने ‘रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

ये भी पढ़ें- सेना को मिली बड़ी सफलताः कांकेर में 5 लाख का इनामी नक्सली कमांडर रूपी मारा गया

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें