Site icon Dainik Savera Times

न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर बने जोहराम ममदानी, कुरान पर हाथ रखकर ली शपथ

Zohran Mamdani became New York first Muslim mayor

Zohran Mamdani became New York first Muslim mayor

न्यूयॉर्क: अमेरिका के डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट जोहरान ममदानी ने गुरुवार सुबह न्यूयॉर्क शहर के 112वें मेयर के तौर पर शपथ ले ली है। ममदानी ने नवंबर 2025 में न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर के तौर पर जीत हासिल की। अब नए साल के मौके पर उन्होंने अपने पद की शपथ ली है।

यह सच में जिंदगी का सम्मान है- ममदानी 

हालांकि, शपथग्रहण छोटे तौर पर हुआ, लेकिन शाम में एक पब्लिक सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। अमेरिका के राजनीतिक इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि जब न्यूयॉर्क के मेयर ने कुरान हाथ पर रखकर शपथ ली हो। इसके साथ ही उन्होंने इस हाई-प्रोफाइल पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के मेयर बनकर इतिहास रच दिया है। शपथ लेने के कुछ देर बाद ममदानी ने कहा, “यह सच में जिंदगी का सम्मान और खुशकिस्मती है।” बता दें, ममदानी का भारत के साथ बेहद गहरा नाता है।

नए साल के मौके पर ममदानी ने आधी रात के ठीक बाद एक प्राइवेट सेरेमनी में अपनी पत्नी, कलाकार रमा दुवाजी के साथ न्यूयॉर्क के मेयर पद की शपथ ली। इस दौरान उनके माता-पिता, फिल्म निर्माता मीरा नायर और कोलंबिया यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर महमूद ममदानी भी मौजूद रहे। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, न्यूयॉर्क स्टेट अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स ने उन्हें शपथ दिलाई। ममदानी जेम्स को राजनीतिक प्रेरणा बताते हैं।

ममदानी ने मैनहट्टन में सिटी हॉल पार्क के नीचे पुराने सिटी हॉल सबवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर शपथ ली। ममदानी ने जिस जगह शपथ ली, उसके बारे में अमेरिकी मीडिया ने बताया कि यह जगह 1945 में स्टेशन बंद होने के बाद से बंद पड़ी हुई थी। यह जगह, गाइडेड टूर को छोड़कर आम लोगों के लिए बंद रहती है। यह न्यूयॉर्क के 28 ओरिजिनल सबवे स्टेशनों में से एक है। यह स्टेशन 1904 में खुला था, जिससे न्यूयॉर्क शहर में नवाचार और विकास की एक नई शुरुआत हुई थी।

मीरा नायर के बेटे हैं ममदानी 

ममदानी एक शिया मुस्लिम युगांडाई शिक्षाविद महमूद ममदानी और भारत की मशहूर फिल्म निर्माता मीरा नायर के बेटे हैं। शिक्षाविद महमूद ममदानी के पूर्वज भी भारतीय हैं। वहीं मीरा नायर भारत में एक हिंदू परिवार से आती हैं। मीरा नायर की कुछ चुनिंदा फिल्मों में ‘सलाम बॉम्बे’, ‘मानसून वेडिंग’, ‘द नेमसेक’, ‘कामसूत्र-द टेल ऑफ लव’ और ‘मिसिसिपी मसाला’ शामिल हैं।

ममदानी का राजनीतिक सफर 

ममदानी का जन्म 18 अक्टूबर, 1991 को युगांडा के कंपाला में हुआ था। वे युगांडा से दक्षिण अफ्रीका और न्यूयॉर्क में गए। अमेरिका में उन्होंने 2014 में बॉडॉइन कॉलेज से अफ्रीकाना स्टडीज में डिग्री हासिल करने से पहले बैंक स्ट्रीट स्कूल फॉर चिल्ड्रन और ब्रोंक्स हाई स्कूल ऑफ साइंस में पढ़ाई की। 2017 में वह राजनीतिक और सामाजिक संगठन ‘डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका’ में शामिल हो गए और यहां से उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत हुई।

Exit mobile version