Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jammu Kashmir Fire: कश्मीर घाटी में नहीं थम रही आगजनी की घटनाएं, 24 घंटों में 12 जगह लगी आग

January 11, 2026

Jammu Kashmir Fire: कश्मीर घाटी में नहीं थम रही आगजनी की घटनाएं, 24 घंटों में 12 जगह लगी आग

जम्मू कश्मीर डेस्कः कश्मीर संभाग में पिछले 24 घंटों के दौरान आग लगने की 12 घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में दो गोशालाओं, दो घरों और एक मैरिज हॉल के कमरे को नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। अधिकारियों के अनुसार, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से बड़े नुकसान को टाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, कुपवाड़ा जिले के मुकाम शाह वली, ड्रगमुला में एक दो मंजिला घर आग की चपेट में आ गया, जबकि शेहलाल इलाके से जंगल में आग लगने की सूचना मिली। अनंतनाग जिले के मागाम श्रीगुफवारा में एक गोशाला को नुकसान पहुंचा, वहीं कवारीगाम में एक घर और एक गोशाला आग की चपेट में आ गए। बागवानी क्षेत्र के सल्लार में एक अन्य घटना में बिजली के एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई।

ये भी देखें :- JK Champions League: लोकल क्रिकेट को नई उड़ान, खेल सुधर रहा

बडगाम जिले के चरारे शरीफ में एक एक मंजिला गोशाला को नुकसान पहुंचा। श्रीनगर में हरिपरबत के मखदूम साहिब इलाके से जंगल में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा, चोटा बाजार में एक मैरिज हॉल के पास स्थित चार मंजिला इमारत के एक कमरे में आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि आग केवल प्रभावित कमरे तक ही सीमित रही और बाकी इमारत को सुरक्षित बचा लिया गया।

गांदरबल जिले के रंगिल इलाके में एक दो मंजिला गोशाला को नुकसान पहुंचा, जबकि पुलवामा जिले के त्राल क्षेत्र के बोंगाम में सीजीआई शीट से बने एक शेड में आग लग गई। कुलगाम जिले के यारीपोरा में आग लगने से एक घर और एक गोशाला को नुकसान पहुंचा। इसके अतिरिक्त, सोपोर के हार्डबोनी, कुंजर इलाके में भी एक गोशाला आग की चपेट में आ गई।

अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के कर्मी पूरी कश्मीर घाटी में हाई अलर्ट पर हैं और किसी भी आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई कर रहे हैं। आम जनता से अपील की गई है कि वे आग से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें और किसी भी आग की घटना की सूचना तुरंत नजदीकी फायर स्टेशन या कंट्रोल रूम को दें।

ये भी पढ़ें :- नहीं रहे ‘इंडियन आइडल सीजन-3’ के विजेता, म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें