जम्मू/श्रीनगर Anantnag : सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों का पता लगाने के लिए जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग इलाके के जंगलों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने कहा कि कोकेरनाग के अहलान गडोले इलाके में दो दिन पहले तलाशी अभियान शुरू किया गया था क्योंकि सूचना मिली थी कि आतंकवादियों का एक समूह वहां छिपा हुआ है।
अहलान गडोले कश्मीर में आतंकवाद का नया केंद्र बन गया है क्योंकि इस क्षेत्र में पिछले साल अगस्त और सितंबर 2023 में दो बड़ी मुठभेड़ें हुई थीं । पिछले साल आतंकवादियों के साथ भीषण मुठभेड़ में जहां दो जवान और एक नागरिक शहीद हो गए थे, वहीं घने जंगलों में आतंकवादियों का पता लगाते हुए दो सैन्य अधिकारियों और एक पुलिस अधिकारी सहित चार सुरक्षा बलों के जवानों ने अपनी जान गंवा दी थी। अधिकारियों ने बताया कि आखिरी खबर आने तक तलाशी अभियान जारी था।
राज्य जांच एजैंसी (एसआईए) ने कश्मीर घाटी के कुलगाम में कई स्थानों पर छापेमारी की
जम्मू/श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर पुलिस की राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) ने बुधवार को आतंकवादी संगठनों के स्लीपर सेल मॉड्यूल पर नकेल कसने के अपने प्रयासों के तहत घाटी में कई स्थानों पर तलाशी ली। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। उन्होंने बताया कि एसआईए ने कश्मीर घाटी के सात जिलों में आठ स्थानों पर व्यापक तलाशी ली। उन्होंने बताया कि ये तलाशी पुलिस स्टेशन सीआई/एसआईए कश्मीर की एफआईआर संख्या 01/2025 की चल रही जांच के हिस्से के रूप में की गई।
अधिकारियों ने कहा कि यह मामला लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) और जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के आतंकवादी कमांडरों के इशारे पर घाटी में सक्रिय स्लीपर सेल मॉड्यूल से संबंधित है। तलाशी अभियान घाटी के सात जिलों में तीनों पुलिस रेंज – उत्तर, मध्य और दक्षिण कश्मीर में एक साथ चलाया गया। अधिकारियों ने बताया छापेमारी के दौरान, भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है और संदिग्धों को आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जाँच से स्पष्ट रूप से पता चला है कि ये संस्थाएँ एक आतंकवादी साजिÞश में सक्रिय रूप से शामिल थीं, जिसका उद्देश्य न केवल भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को चुनौती देना, बल्कि असंतोष, सार्वजनिक अव्यवस्था और सांप्रदायिक घृणा भड़काना भी था। अधिकारियों ने आगे कहा कि ये तलाशी एसआईए के निरंतर और अथक प्रयासों को उजागर करती है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पूरे मॉड्यूल को ध्वस्त किया जाए और आतंकी तंत्र की जड़ों पर प्रहार किया जाए।

