
जम्मू-कश्मीर: कुलगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। वह एक मस्जिद में छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार समझाया और वीडियो कॉल के जरिए भी बातचीत की, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। ऑपरेशन के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट मारा गया। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से उसका शव और एक हथियार बरामद किया गया। जानकारी के मुताबिक, लतीफ भट जांगलपुरा इलाके में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान एक मस्जिद में छिप गया था। सुरक्षाबलों ने उसे बाहर आने और आत्मसमर्पण करने के लिए कई मौके दिए। अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि अगर वह हथियार डाल देता है तो उसकी जान बचाई जा सकती है। इसके बावजूद उसने सरेंडर करने से मना कर दिया।
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने लतीफ भट से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया था। सामने आए वीडियो में जवान उसे ‘लतीफ भाई’ कहकर संबोधित करते हुए आत्मसमर्पण करने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में आतंकी पहले अरबी में एक धार्मिक वाक्य बोलता सुनाई देता है। इसके बाद वह कहता है, “मैं निकला हूं, मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है, मैं बहुत खुश हूं। अल्लाह को देखूंगा, अल्लाह के रसूल नबी को देखूंगा।”
इस दौरान सुरक्षाबलों का एक जवान उसे समझाने की कोशिश करता है। जवान कहता है कि वह आत्मसमर्पण कर दे और रुक जाए। जवान उसे भरोसा दिलाने की कोशिश करता है कि वह खुद उसके पास आएगा। हालांकि, लतीफ भट अपनी बात पर अड़ा रहता है। वह जवाब देता है, “मेरे साथ बस अल्लाह है, मेरे साथ अल्लाह काफी है। अल्लाह हू अकबर।” वीडियो में बातचीत से साफ दिखाई देता है कि सुरक्षाबलों ने उसे समझाकर बाहर निकालने की कोशिश की थी, लेकिन वह किसी भी तरह आत्मसमर्पण करने के लिए तैयार नहीं हुआ।
“I have to go to Allah. Allah is enough for me”
Wanted Lashkar-e-Taiba commander Mohammad Latif Bhat refused to surrender despite repeated appeals by the Commanding Officer of 9 Rashtriya Rifles and the Kulgam SSP during an encounter in South Kashmir’s Kulgam
An Army officer continued urging him to lay down his arms, but he refused. Gunfire followed
— Nabila Jamal (@nabilajamal_) November 18, 2026
अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ भट ने मस्जिद के अंदर से गोलीबारी भी की थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसे बाहर निकालने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। जब वह मस्जिद से बाहर आया तो सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान मस्जिद को नुकसान नहीं पहुंचाया गया। सुरक्षाबलों ने सावधानी बरतते हुए कार्रवाई की।
इस मामले में मंगलवार को पुलिस ने CCTV फुटेज भी जारी किया था। फुटेज में 11 नवंबर को CRPF की चौकी पर हमले से पहले आतंकी डार और लतीफ भट इलाके की रेकी करते दिखाई दिए थे। बताया गया कि इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे। घटना के बाद से ही सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान और घेराबंदी तेज कर दी थी।
जांच के तहत पुलिस ने पूछताछ के लिए 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया था। सुरक्षा एजेंसियां हमले से जुड़े अन्य लोगों और संभावित मददगारों की तलाश में भी जुटी थीं। कुलगाम में हुई इस कार्रवाई के बाद सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को मार गिराया है। ऑपरेशन के दौरान उसे आत्मसमर्पण के कई मौके दिए गए, लेकिन उसने आखिरी समय तक हथियार डालने से इनकार कर दिया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...