जम्मू: अमरनाथ की वार्षिक यात्रा के लिए अग्रिम पंजीकरण देशभर में 554 बैंक शाखाओं में 15 अप्रैल से शुरू होगा और तीर्थयात्रियों के वास्ते श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) ने एक विस्तृत चरणबद्ध प्रक्रिया अपनाई है।
अधिकारियों ने बताया कि यात्रा का पंजीकरण और परमिट जारी किया जाना ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा जो प्रत्येक निर्दिष्ट बैंक शाखा में, तीर्थयात्रा के हर मार्ग के लिए तय दैनिक कोटे के अधीन होगा।
दिशा-निर्देशों के अनुसार, केवल 13 से 70 वर्ष की आयु के तीर्थयात्री ही पंजीकरण के लिए पात्र होंगे। वहीं, 6 सप्ताह से अधिक की गर्भवती महिलाओं को तीर्थयात्रा की अनुमति नहीं होगी, भले ही उनके पास अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाण पत्र हो।

