Site icon Dainik Savera Times

एम्स अवंतीपोरा में जल्द शुरू होंगी 100 MBBS सीटों पर पढ़ाई और OPD सेवाएं

AIIMS Awantipora to Start Classes : श्रीनगर। कश्मीर के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती देने की दिशा में एम्स अवंतीपोरा जल्द ही शुरू होने जा रहा है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने बताया कि संस्थान में जल्द 100 एमबीबीएस विद्यार्थी पढ़ाई शुरू करेंगे।

इसके साथ ही ओपीडी सेवाएं भी शुरू की जाएंगी, जिससे कश्मीर के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने अपने दौरे के दौरान संस्थान के निर्माण कार्य की समीक्षा कर इसे जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के एम्स अवंतीपोरा दौरे के बाद पत्रकारों से बात करते हुए, इट्टू ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने वहां चल रहे काम की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, जिन्होंने पहले 50 एमबीबीएस सीटों की घोषणा की थी।

उन्होंने आज बताया कि जल्द ही यहां 100 एमबीबीएस छात्र अपनी कक्षाएं शुरू करेंगे। इट्टू ने कहा कि एम्स अवंतीपोरा में ओपीडी सेवाएं शुरू होने से कश्मीर के मरीजों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अभी बेहतर इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को धन्यवाद दिया कि उन्होंने अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण संस्थान को जल्द से जल्द चालू करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पिछले दो वर्षों में कई बार इस जगह का दौरा कर चुके हैं और वह खुद भी उनके साथ गई थीं, जिससे कि एम्स का काम जल्द पूरा हो सके और इसे चालू किया जा सके, जिससे घाटी में मरीजों की देखभाल की व्यवस्था और मजबूत हो सके।
Exit mobile version