Site icon Dainik Savera Times

Jammu Kashmir: वैष्णो देवी भवन पर आतंकी हमले का अलर्ट, छावनी में तब्दील हुआ कटरा

maa vaishno devi

maa vaishno devi

जम्मू कश्मीर डेस्कः खुफिया एजेंसियों द्वारा जारी हाई अलर्ट के बाद धर्मनगरी कटड़ा और माता वैष्णो देवी भवन की सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से कड़ी कर दी गई है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। खुफिया इनपुट के अनुसार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली के चांदनी चौक सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों, विशेषकर वैष्णो देवी भवन को निशाना बनाने की साजिश रच रहा है। इस चेतावनी के बाद पुलिस, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।

ये भी देखें :-

सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए कटड़ा के प्रवेश द्वारों से लेकर भवन परिसर तक अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। क्विक रिस्पांस टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से यात्रा मार्ग पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

मजदूरों और वाहनों की सघन तलाशी

सुरक्षा बल न केवल श्रद्धालुओं बल्कि यात्रा मार्ग पर सेवा देने वाले घोड़ा, पिट्ठू और पालकी संचालकों की भी नियमित जांच कर रहे हैं। कटड़ा से सटे सभी पुलिस चौकियों पर नाकाबंदी कर हर आने-जाने वाले वाहन की गहन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा अधिकारियों ने बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

भवन परिसर में पुलिस, सीआरपीएफ और खुफिया विभाग की टीमें संयुक्त रूप से निगरानी कर रही हैं। अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है और सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

अधिकारियों ने दोहराया कि सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाना है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें।

ये भी पढे़ं :-

Exit mobile version