Site icon Dainik Savera Times

Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, जम्मू के होटलों में एडवांस बुकिंग पर 30 प्रतिशत तक छूट

Amarnath Yatra 2026

Amarnath Yatra 2026

जम्मू कश्मीर डेस्कः तीन जुलाई से शुरू होने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर जम्मू पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के ठहराव को प्रोत्साहित करने के लिए होटल व्यवसायियों ने अग्रिम बुकिंग पर 30 प्रतिशत तक की छूट देने का निर्णय लिया है। फिलहाल यह छूट केवल एडवांस बुकिंग पर लागू होगी। यदि यात्रा के दौरान इस पहल से होटल व्यवसाय को सकारात्मक परिणाम मिलते हैं, तो इसे तत्काल बुकिंग पर भी लागू किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें :-

होटल व्यवसायियों के साथ-साथ रेलवे टैक्सी यूनियन ने भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष टूर पैकेज तैयार किए हैं। इन पैकेजों के तहत सड़क मार्ग से पहलगाम या बालटाल जाने वाले यात्रियों को आकर्षक रियायतें प्रदान की जाएंगी। श्रीनगर और जम्मू के बीच सीधी वंदे भारत ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद जम्मू में ठहरने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आने की आशंका है। इसी को देखते हुए जम्मू के होटल व्यवसायियों और टैक्सी यूनियन ने श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए विशेष छूट योजनाएं शुरू की हैं।

रेलवे टैक्सी यूनियन के प्रधान देवेंद्र चौधरी के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीधे श्रीनगर पहुंचकर अपनी यात्रा शुरू कर रहे हैं। पिछले वर्ष भी केवल लगभग 30 प्रतिशत श्रद्धालु ही जम्मू से अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने बताया कि इस बार वंदे भारत ट्रेन के संचालन से जम्मू आने वाले यात्रियों की संख्या और घटने की संभावना है। इसी कारण श्रद्धालुओं को जम्मू आने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु किफायती दरों पर विशेष टूर पैकेज तैयार किए गए हैं।

वहीं, ऑल जम्मू होटल एंड लॉज एसोसिएशन के प्रधान पवन गुप्ता ने कहा कि होटल उद्योग इस समय गंभीर मंदी का सामना कर रहा है। जम्मू के होटलों में लगभग 90 प्रतिशत कमरे खाली पड़े हैं और पूरा व्यवसाय अमरनाथ यात्रा सीजन से बड़ी उम्मीदें लगाए बैठा है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए एडवांस बुकिंग पर 30 प्रतिशत तक की छूट देने का फैसला लिया गया है।

ये भी पढ़ें :-

Exit mobile version