9 अगस्त से अमरनाथ यात्रा स्थगित, खराब मौसम बना कारण
August 8, 2026
Amarnath Yatra suspended from August 9 : श्रीनगर। श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 को 9 अगस्त से पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से अस्थायी रूप से रोक दिया जाएगा। हाल की बारिश से यात्रा मार्ग के संवेदनशील हिस्सों में मरम्मत और रखरखाव की जरूरत तथा आने वाले दिनों में खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है। अब तक 4.8 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
57 दिनों की यह तीर्थयात्रा 3 जुलाई को अनंतनाग में चंदनवाड़ी रास्ते और गांदरबल में बालटाल रास्ते से एक साथ शुरू हुई थी और 28 अगस्त, 2026 को छड़ी मुबारक के साथ इसका समापन होना है। यात्रा अनंतनाग जिले में चंदनवाड़ी रास्ते और गांदरबल जिले में बालटाल – दोनों रास्तों से एक साथ शुरू हुई थी। समाचार एजेंसी JKNS के अनुसार, कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने कहा, “अब तक 4.8 लाख से ज़्यादा तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा के दर्शन किए हैं। हालांकि, हाल की बारिश के कारण, यात्रा के रास्तों के संवेदनशील हिस्सों की मरम्मत और रखरखाव की ज़रूरत महसूस की गई है, जिसे बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइज़ेशन (BRO) द्वारा किया जा रहा है। इसके अलावा, IMD ने अगले कुछ दिनों में खराब मौसम की भविष्यवाणी की है। इसलिए, 9 अगस्त, 2026 से दोनों रास्तों से यात्रा रोक दी जाएगी। छड़ी मुबारक पारंपरिक पहलगाम रास्ते से जाएगी और 28 अगस्त को यात्रा 2026 का समापन होगा,” उन्होंने कहा। उन्होंने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा और यात्रा के सुचारू संचालन के लिए समय-समय पर सक्षम अधिकारियों द्वारा जारी सलाहों का पालन करें।