Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमरनाथ यात्रा पर ड्रोन और लिक्विड बम हमले का खतरा, इनपुट मिलने पर हाई अलर्ट जारी

June 11, 2026

अमरनाथ यात्रा पर ड्रोन और लिक्विड बम हमले का खतरा, इनपुट मिलने पर हाई अलर्ट जारी

जम्मू कश्मीर डेस्कः पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) में तेजी से बदलते हालात के बीच इस वर्ष अमरनाथ यात्रा पर ड्रोन और लिक्विड बम हमलों का खतरा मंडरा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा मिले इनपुट के आधार पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। इस बार लिक्विड एक्सप्लोसिव डिटेक्टरों की संख्या बढ़ाई गई है, जबकि हवाई खतरों से निपटने के लिए ड्रोन और एंटी-ड्रोन सिस्टम को भी सुदृढ़ किया गया है।

ये भी पढे़ं :-

यात्रा को आतंकवादी खतरों से सुरक्षित रखने के लिए सेना भी व्यापक सुरक्षा कवच तैयार करने में जुटी है। इसी कड़ी में थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी का उत्तरी कमान दौरा भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों के अलर्ट के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय ने यात्रा की निगरानी बढ़ा दी है।

वहीं, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा लगातार समीक्षा बैठकें कर रहे हैं। 12 जून को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में भी अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सेना और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

यात्रा मार्ग से जुड़े वन क्षेत्रों, पहाड़ी इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की मजबूत तैनाती की जा रही है। एडवांस सिक्योरिटी चेक के साथ-साथ यात्रियों की निगरानी भी बढ़ाई जाएगी। यात्रा मार्ग पर भंडारा लगाने वाले संगठनों और व्यक्तियों को चार स्तरीय सुरक्षा जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है।

कड़ी सुरक्षा के बीच होगी अमरनाथ यात्रा

  • केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 670 कंपनियां तैनात की जाएंगी।

  • पूरे यात्रा मार्ग को ‘नो-फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है।

  • एआई आधारित कैमरों और फेस रिकग्निशन तकनीक से निगरानी की जाएगी।

  • यात्रियों की रियल-टाइम ट्रैकिंग के लिए आरएफआईडी प्रणाली लागू की जाएगी।

  • हवाई खतरों से निपटने के लिए ड्रोन और एंटी-ड्रोन सुरक्षा व्यवस्था तैनात रहेगी।

  • यात्रियों के गुजरने से पहले पूरे मार्ग की गहन तलाशी ली जाएगी।

  • वाहनों की आवाजाही सुरक्षा बलों की निगरानी में एक स्थान से दूसरे स्थान तक सुनिश्चित की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें