Site icon Dainik Savera Times

डोडा सड़क हादसे में 10 जवान शहीद, शाह-राजनाथ बोले- हादसे से मन अत्यंत व्यथित…

Doda Army Accident Amit Shah Rajnath Singh

Amit Shah Rajnath Singh

जम्मू-कश्मीर डेस्कः जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुए सड़क हादसे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने दुख जताया। जानकारी के अनुसार, गाड़ी में 17 जवान सवार थे। गाड़ी भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर खन्नी टॉप के पास से गुजर रही थी। इसी बीच, गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में सेना के 10 जवान शहीद हो गए।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुए सड़क हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। इस हादसे में हमने अपने जिन वीर जवानों को खोया है, उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायल जवानों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। सभी जवान जल्द से जल्द स्वस्थ हों, ईश्वर से यह कामना है।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पोस्ट में लिखा, ”डोडा में हुए दुखद सड़क हादसे से बहुत दुख हुआ, जिसमें हमने भारतीय सेना के 10 बहादुर जवानों को खो दिया। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायल जवानों को मेडिकल केयर दी जा रही है और सबसे अच्छा इलाज सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी निर्देश दिए गए हैं। इस मुश्किल घड़ी में पूरा देश हमारी सेना और उनके परिवारों के साथ खड़ा है।”

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा, ”जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुई दुर्घटना में सेना के जवानों के बलिदान का समाचार अत्यंत दुखद है। देश उनकी वीरता और सेवा का सदैव ऋणी रहेगा। इस विकट परिस्थिति में शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।”

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, “जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सेना की गाड़ी के खाई में गिरने की दुखद घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में 10 वीर जवानों के शहीद होने और कई जवानों के घायल होने का समाचार हृदय विदारक है। मैं शहीद जवानों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे शोकसंतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें तथा घायल जवानों को शीघ्र स्वस्थ करें।”

Exit mobile version