Site icon Dainik Savera Times

अमरनाथ श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर, प्लास्टिक की सभी वस्तुओं पर लगा बैन

Amarnath Yatra

Amarnath Yatra

जम्मू-कश्मीर: इस वर्ष श्री अमरनाथ यात्रा को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन ने कई अहम कदम उठाए हैं। यात्रा मार्ग की प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों से लेकर पवित्र अमरनाथ गुफा तक पॉलीथिन बैग, थर्माकोल और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

यदि कोई श्रद्धालु पॉलीथिन बैग लेकर यात्रा के लिए पहुंचता है, तो उसे आगे ले जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। ऐसे श्रद्धालुओं को प्रशासन की ओर से निशुल्क कपड़े का थैला उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए दोनों आधार शिविरों में करीब डेढ़ लाख कपड़े के बैग पहले से तैयार रखे गए हैं।

यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए भंडारा संचालकों और मार्ग में दुकान लगाने वाले व्यापारियों को भी स्टील की प्लेट और गिलास का ही उपयोग करना होगा। प्लास्टिक के गिलास या अन्य प्रतिबंधित सामग्री का इस्तेमाल करने पर जुर्माना लगाया जाएगा।

प्रशासन का उद्देश्य इस बार अमरनाथ यात्रा को पूरी तरह स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाना है। इसी दिशा में कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी इंदौर की गैर-सरकारी संस्था स्वाहा रिसोर्स मैनेजमेंट को सौंपी गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर का ग्रामीण स्वच्छता विभाग पूरे अभियान की निगरानी करेगा। यात्रा मार्ग पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 4,000 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 623 कर्मचारी केवल कचरे के संग्रह और उसके उचित निस्तारण का कार्य संभालेंगे।

बता दें पिछले वर्ष 2025 की अमरनाथ यात्रा के दौरान लगभग 450 टन कचरा एकत्र हुआ था। इस बार प्रशासन ने कचरे की मात्रा में कम से कम 15 प्रतिशत की कमी लाने का लक्ष्य रखा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर करीब 5,000 शौचालय और स्नानघर भी स्थापित किए गए हैं, ताकि स्वच्छता के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Exit mobile version