Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

बनिहाल से फिर शुरू होगी “भारत जोड़ो यात्रा”, 27 जनवरी को करेगी कश्मीर में प्रवेश

January 26, 2023

बनिहाल से फिर शुरू होगी “भारत जोड़ो यात्रा”, 27 जनवरी को करेगी कश्मीर में प्रवेश

श्रीनगर: राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ एक दिन के विश्राम के बाद शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के बनिहाल से फिर से शुरू होगी। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार के यात्रा कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा कल सुबह बनिहाल से फिर शुरू होगी। हम वह दूरी तय करेंगे जो हम कल नहीं कर सके थे।’’ यात्रा अपने अंतिम चरण के लिए शुक्रवार को कश्मीर घाटी में प्रवेश करेगी। आगामी 30 जनवरी को श्रीनगर में एक रैली के बाद यह यात्रा समाप्त होगी।

रमेश ने कहा कि यात्रा जम्मू के विभिन्न जिलों से होकर गुजरी है और लगभग 90 किलोमीटर की दूरी तय की है। उन्होंने कहा, ‘‘हम जहां भी गए, यात्रा का अच्छी तरह से स्वागत किया गया। सभी उम्र, लिंग और जीवन के सभी क्षेत्रों के लोगों ने महसूस किया कि राहुल गांधी का संदेश एकता, प्रेम और सद्भाव का है।’’ कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उन्हें यात्रा को अनंतनाग और श्रीनगर जिलों में भी अच्छी प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, ‘‘30 जनवरी को रैली से पहले राहुल गांधी श्रीनगर में एक संवाददाता सम्मेलन करेंगे, जो यात्र के समापन को चिह्न्ति करेगी।’’

रमेश ने कहा कि यात्र भारतीय राजनीति में एक क्रांतिकारी बदलाव है। उन्होंने कहा, ‘‘यह वैसा कार्यक्रम नहीं है, जैसा नरेंद्र मोदी करते हैं, बल्कि यह भारतीय राजनीति के लिए एक क्रांतिकारी परिवर्तन है। यह एक जन आंदोलन है जो कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों में जागरूकता उत्पन्न करेगा।’’ कांग्रेस नेता ने एक सवाल के जवाब में कहा कि जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल होना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे देश में ऐसे उदाहरण हैं जब केंद्रशासित प्रदेशों को राज्य का दर्जा दिया गया। जम्मू कश्मीर एकमात्र राज्य है जिसे केंद्रशासित प्रदेश बनाया गया। जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल किया जाना चाहिए, जबकि लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची के तहत लाया जाना चाहिए।’’ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और इसने पंजाब से होते हुए 19 जनवरी को जम्मू कश्मीर में प्रवेश किया। यात्रा के अंत में राहुल गांधी का 30 जनवरी को श्रीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें