Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

कठुआ में आभूषण प्रतिष्ठान पर BIS की प्रवर्तन कार्रवाई; हॉलमार्किंग नियमों के उल्लंघन पर सोने के 53 आभूषण जब्त

September 9, 2026

कठुआ में आभूषण प्रतिष्ठान पर BIS की प्रवर्तन कार्रवाई; हॉलमार्किंग नियमों के उल्लंघन पर सोने के 53 आभूषण जब्त

कठुआ: भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), जम्मू एवं कश्मीर शाखा कार्यालय ने अनिवार्य हॉलमार्किंग आवश्यकताओं के संदिग्ध उल्लंघन की सूचना के आधार पर दयालाचक, कठुआ स्थित एक BIS पंजीकृत आभूषण प्रतिष्ठान में प्रवर्तन के तहत तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान बिक्री के लिए प्रदर्शित/उपलब्ध सोने के आभूषणों की जांच की गई। लागू हॉलमार्किंग आवश्यकताओं का पालन न पाए जाने पर कुल 53 सोने के आभूषण, जिनका कुल सकल वजन 162.22 ग्राम था, जब्त किए गए।

जब्त किए गए आभूषणों में 13 आभूषण, जिनका वजन 53.88 ग्राम था, निर्धारित BIS हॉलमार्क के बिना पाए गए, जबकि 40 आभूषण, जिनका वजन 108.34 ग्राम था, अपूर्ण/गैर-निर्धारित हॉलमार्किंग के साथ पाए गए। इनमें ऐसे आभूषण भी शामिल थे जिन पर BIS हॉलमार्क लोगो तथा/अथवा शुद्धता/फाइननेस की मार्किंग तो थी, लेकिन निर्धारित HUID अथवा पूर्ण हॉलमार्क मौजूद नहीं था।

यह कार्रवाई उपभोक्ता संरक्षण और हॉलमार्क वाले सोने के आभूषणों की प्रामाणिकता की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उपभोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि केवल BIS लोगो, “916”, “22K916”, “18K750” या इसी प्रकार की अन्य मार्किंग देखकर किसी आभूषण को वैध BIS हॉलमार्क वाला न मानें। खरीदारी से पहले निर्धारित पूर्ण हॉलमार्क अवश्य देखें और छह अंकों/अक्षरों वाले HUID को BIS CARE App के “Verify HUID” विकल्प से सत्यापित करें।

जब्त किए गए आभूषणों की विधिवत सूची तैयार कर उन्हें भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 की धारा 28 के तहत सीलबंद किया गया। संबंधित साक्ष्यों की आगे जांच की जा रही है और BIS अधिनियम, नियमों, विनियमों तथा लागू हॉलमार्किंग आदेश के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

BIS ने दोहराया है कि पंजीकृत ज्वैलर्स की जिम्मेदारी है कि बिक्री के लिए रखे गए सोने के आभूषण/कलाकृतियां निर्धारित हॉलमार्किंग आवश्यकताओं के अनुरूप हों। किसी आभूषण प्रतिष्ठान का BIS में पंजीकृत होना अपने आप में इस बात की गारंटी नहीं है कि दुकान में उपलब्ध प्रत्येक आभूषण BIS हॉलमार्क वाला है। इसलिए उपभोक्ता प्रत्येक आभूषण का हॉलमार्क अलग से जांचें।

BIS ने उपभोक्ताओं से सोने के आभूषण खरीदते समय सतर्क रहने और BIS CARE App के माध्यम से HUID सत्यापित करने की अपील की है। बिना हॉलमार्क वाले आभूषणों की बिक्री, अपूर्ण हॉलमार्किंग अथवा BIS हॉलमार्क के संदिग्ध दुरुपयोग से संबंधित जानकारी BIS CARE App, ई-मेल [email protected] / [email protected] अथवा लिखित रूप में भारतीय मानक ब्यूरो, जम्मू एवं कश्मीर शाखा कार्यालय, SIDCO Industrial Complex, Bari Brahmana, Jammu को दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें