Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू में विधानसभा चुनाव को लेकर BJP की बड़ी बैठक, आगे की योजना पर हुई चर्चा

August 18, 2024

जम्मू में विधानसभा चुनाव को लेकर BJP की बड़ी बैठक, आगे की योजना पर हुई चर्चा

जम्मू: जम्मू-कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है। रविवार को जम्मू में हुई बैठक में आगे की योजना पर मंथन हुआ। जम्मू-कश्मीर बीजेपी अध्यक्ष रविंद्र रैना ने दावा किया की तैयारी जीत की पूरी है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर तो कुछ नहीं कहा लेकिन इशारा किया कि पार्टी क्षेत्रीय दलों के साथ तालमेल बिठा कर आगे बढ़ सकती है।

रविंदर रैना ने कहा, जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी मैदान में उतर चुकी है। हम पूरी ताकत से जम्मू-कश्मीर घाटी में चुनाव लड़ेंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि जम्मू-कश्मीर की जनता पूरे दिल से बीजेपी को वोट देगी। बीजेपी ज्यादातर सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी, 7-8 सीटें जो स्वतंत्र सीटें हैं, हो सकता है कि बीजेपी उनके साथ तालमेल करके चुनाव लड़े।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने बताया कि उन्हें क्यों लगता है कि एनडीए की जीत तय है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा लगातार देश में काम कर रही है। जम्मू-कश्मीर में हमने दो साल में शांति, विकास और विश्वास का माहौल बनाया है। जिसके परिणामस्वरूप पीएम नरेंद्र मोदी को जम्मू-कश्मीर के लोगों से भरपूर प्यार मिल रहा है।

जम्मू-कश्मीर के हर गांव में आपको विकास कार्य देखने को मिलेंगे। भाजपा पूरी ताकत के साथ जम्मू-कश्मीर में चुनाव लड़ेगी। उमर अब्दुल्ला दिनदहाड़े मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं, जम्मू-कश्मीर की जनता ने अब्दुल्ला परिवार के शहजादे को अभी करारी शिकस्त दी है। मुंगेरीलाल के सपने कभी पूरे नहीं होंगे।”

बता दें कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में पहली बार विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव की घोषणा भी कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की 90 सीटों पर तीन चरणों में चुनाव होंगे। चुनाव के नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें