Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP देश का संविधान भी कर देगी खत्म : Mehbooba Mufti

January 7, 2023

श्रीनगरः पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख एवं जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए दावा किया कि जिस तरह से उसने प्रदेश के विशेष दर्जे को खत्म कर दिया है, उसी तरह वह देश के संविधान को भी समाप्त कर देगी और तिरंगे की जगह ‘भगवा’ कर देगी। मुफ्ती अनंतनाग जिले में अपने पिता और पीडीपी संस्थापक मुफ्ती मोहम्मद सईद की सातवीं पुण्यतिथि पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थी। पीडीपी के सैकड़ों कार्यकर्ता और नेता बिजबेहरा के दारा शिकोह उद्यान में एकत्र हुए थे, जहां मुफ्ती सईद को दफनाया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पिता भारत के विचार और धर्मनिरपेक्षता में विश्वास करते थे जो देश की नींव थी।

उन्होंने कहा, कि ‘भाजपा ने न केवल जम्मू कश्मीर के संविधान को समाप्त कर दिया है, बल्कि देश के संविधान को भी ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने जिस तरह अनुच्छेद 370 को समाप्त किया, उसी तरह देश के संविधान को भी समाप्त कर देगी।’’ उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर को महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरु और अबुल कलाम आजाद के भारत में शामिल किया गया है, न कि नाथूराम गोडसे के भारत में। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान शासन ने देश के सभी संस्थानों को नष्ट कर दिया है। प्रधान न्यायाधीश की टिप्पणी का जिक्र करते हुए मुफ्ती ने कहा कि आजकल अदालतें निशाना बनाए जाने के डर से बेगुनाहों को जमानत देने से कतराती हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था जब अदालत ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ फैसला सुनाया था।

मुफ्ती ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को सेना की छावनी बना दिया गया है। उन्होंने कहा, कि ‘हमें सेना से कोई समस्या नहीं है, लेकिन आप (भाजपा) दावा कर रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर में स्थिति में सुधार हुआ है, तो इन बलों को वापस बैरकों में भेज दें। और इसके बजाय आप इसका उल्टा कर रहे हैं और लोगों को हथियार दे रहे हैं। आप किस तरह का भारत बनाना चाहते हैं।’’ मुफ्ती ने कहा कि मौजूदा स्थिति को देखकर उनके पिता का दिल टूट गया होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्तमान स्थिति के कारण हिम्मत नहीं हारने को कहा। उन्होंने कहा, ‘‘मुफ्ती साहब हमेशा आश्वस्त थे और मानते थे कि कोई देश कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, वह अपने लोगों के खिलाफ युद्ध नहीं जीत सकता। अगर ऐसा होता तो अमेरिका वियतनाम को नहीं छोड़ता और बंगलादेश अलग नहीं होता.. इसलिए हम अपने देश के लोगों को बताना चाहते हैं कि जिस भाजपा ने हमारे संविधान को खत्म किया है, वह इसी तरह देश के संविधान को खत्म कर देगी और तिरंगे की जगह ‘भगवा’ (भगवा झंडा) लगा देगी।’’

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें