Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

श्रीनगर में कम मतदान के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार : Omar Abdullah

September 26, 2024

श्रीनगर में कम मतदान के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार : Omar Abdullah

श्रीनगर : नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनकां) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान श्रीनगर में कम मतदान के लिए गुरुवार को केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। बुधवार को श्रीनगर जिले में 29.81 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि गंदेरबल और बडगाम जिलों में क्रमश: 62.51 और 62.98 प्रतिशत मतदान हुआ। ये आंकड़े 2014 के विधानसभा चुनावों की तुलना में श्रीनगर के मतदान में मामूली वृद्धि दर्शाते हैं। हालांकि गंदेरबल और बडगाम दोनों में ही काफी गिरावट देखी गई। वर्ष 2014 के चुनावों में, श्रीनगर के आठ निर्वाचन क्षेत्रों में औसतन 27.77 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि गंदेरबल और बडगाम में क्रमश: 73.11 और 67.21 प्रतिशत मतदान हुआ था।

अब्दुल्ला ने पार्टी उम्मीदवार के लिए प्रचार करते हुए उत्तर कश्मीर के सीमावर्ती शहर उरी में संवाददाताओं से कहा, कि ‘मुझे अधिक मतदान की उम्मीद थी क्योंकि कोई बहिष्कार का आह्वान नहीं था, कोई हमला नहीं हुआ, मतदाताओं को कोई धमकी या डर नहीं था। मुझे लगता है कि केंद्र किसी न किसी तरह इसके लिए जिम्मेदार है। केन्द्र ने मतदान में अधिक प्रतिशत को सामान्य स्थिति के संकेत के रूप में पेश करने का प्रयास किया जिससे यह लगे कि लोगों ने अनुच्छेद 370 के निरस्तीकरण को स्वीकार कर लिया है। हो सकता है कि यह श्रीनगर की प्रतिक्रिया हो, क्योंकि श्रीनगर के लोग गलत संकेत नहीं भेजना चाहते हैं।’’ उन्होंने श्रीनगर में कम मतदान को अमेरिका सहित 16 देशों के राजनयिकों के दौरे से भी जोड़ा।

अब्दुल्ला ने कहा, कि ‘केंद्र सरकार ने चुनाव प्रक्रिया को देखने के लिए विदेशी राजनयिकों को कश्मीर में आमंत्रित करके एक और गलती की। केन्द्र ने उन्हें इसलिए आमंत्रित किया ताकि उन्हें दिखाया जा सके कि श्रीनगर में बदलाव हो रहा है। कश्मीर के लोग खुद को इस तरह से इस्तेमाल नहीं करना चाहते थे और शायद इसी वजह से मतदान में कम प्रतिशत रहा।’’ कश्मीर के तीन सीमावर्ती जिलों बारामुल्ला, कुपवाड़ा और बांदीपोरा में 01 अक्टूबर को होने वाले तीसरे चरण के मतदान के बारे में अब्दुल्ला ने कहा कि परंपरागत रूप से इन क्षेत्रों ने पिछले चुनावों में मतदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया है। उन्होंने कहा, कि ‘मुझे उम्मीद है कि लोग इस बार भी मतदान करने के लिए निकलेंगे। मैं थोड़ा स्वार्थी होऊंगा और उम्मीद करूंगा कि वे नेशनल कॉन्फ्रेंस को वोट दें और जहां भी नेकां ने उम्मीदवार नहीं उतारा है, वहां उन्हें कांग्रेस को वोट देना चाहिए।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें