Site icon Dainik Savera Times

चैत्र नवरात्र में वैष्णो देवी धाम में भारी भीड़, 41 हजार श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

Shri Mata Vaishno Devi

Shri Mata Vaishno Devi

जम्मू कश्मीर डेस्कः पवित्र चैत्र नवरात्र के अवसर पर श्री माता वैष्णो देवी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। शनिवार को हालात ऐसे रहे कि अत्यधिक भीड़ के चलते श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड को शाम 4:45 बजे सभी यात्रा पंजीकरण केंद्र अस्थायी रूप से बंद करने पड़े। इससे पहले करीब 41 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन के लिए रवाना हो चुके थे, जबकि आधार शिविर कटड़ा में 8 से 10 हजार श्रद्धालु पंजीकरण के इंतजार में डटे रहे। श्राइन बोर्ड ने सूचना केंद्रों के माध्यम से लगातार घोषणा कर श्रद्धालुओं को अवगत कराया कि भवन परिसर और यात्रा मार्ग पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए पंजीकरण फिलहाल रोक दिया गया है।

ये भी पढ़ें :-

इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और “जय माता दी” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। शनिवार को मौसम भी अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा—आसमान में बादलों और धूप के बीच लुका-छिपी चलती रही, वहीं ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालु गर्म कपड़ों में परिवार सहित यात्रा करते नजर आए। सप्ताहांत होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। कटड़ा आधार शिविर से लेकर दर्शनी द्वार, अर्धकुंवारी मार्ग और भवन परिसर तक हर जगह लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई स्थानों पर घंटों इंतजार के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था अडिग रही।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। दर्शनी द्वार से लेकर भवन परिसर तक हर महत्वपूर्ण स्थान पर कड़ी निगरानी रखी गई। साथ ही आपदा प्रबंधन दल और श्राइन बोर्ड के सेवामित्र लगातार श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे रहे।

सुविधाएं सुचारू, हेलीकॉप्टर सेवा जारी

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा अधिकांश समय सुचारू रही। इसके अलावा बैटरी कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सेवाएं भी नियमित रूप से उपलब्ध रहीं, जिससे बुजुर्गों और बच्चों के साथ आने वाले यात्रियों को विशेष राहत मिली। प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

भक्ति से सराबोर माहौल

नवरात्र के अवसर पर मां वैष्णो देवी भवन को विशेष रूप से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सुसज्जित भवन की अलौकिक छटा श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही है। श्रद्धालु दर्शन के साथ-साथ इस दिव्य वातावरण का भी आनंद ले रहे हैं। भवन परिसर में आयोजित शतचंडी महायज्ञ में भी श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी जाकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर अपनी यात्रा पूर्ण कर रहे हैं।

तीन दिन में एक लाख से अधिक श्रद्धालु

चैत्र नवरात्र के पहले तीन दिनों में ही एक लाख से अधिक श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। देशभर से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है, जिससे कटड़ा और आसपास के क्षेत्रों में रौनक बढ़ गई है। भारी आमद के चलते कटड़ा के बाजारों में भी चहल-पहल देखने को मिल रही है। श्रद्धालु प्रसाद, पूजन सामग्री और स्मृति चिन्हों की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों में संतोष का माहौल है। नवरात्र के इस पावन पर्व पर वैष्णो देवी धाम पूरी तरह भक्ति, उत्साह और आस्था से सराबोर नजर आ रहा है।

ये भी पढ़ें :-

Exit mobile version