रियासी/जम्मू: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में वैष्णो देवी मंदिर तक जाने वाले पैदल मार्ग पर प्रस्तावित रोपवे परियोजना के खिलाफ दुकानदारों और मजदूरों द्वारा निकाला गया मार्च झड़प में तब्दील हो गया। पुलिस के मुताबिक, मार्च के कटरा आधार शिविर पर पहुंचने के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प हो गई। पुलिस ने बताया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई, हालांकि माहौल को शांत करने के लिए बातचीत की जा रही है। प्रदर्शनकारियों द्वारा की गई मारपीट में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने कटरा शहर में मार्च निकाला और धरना दिया। कटरा शहर, त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले तीर्थयात्रियों का आधार शिविर है, जहां तीर्थयात्री ठहरते हैं। प्रदर्शनकारियों ने पहले 72 घंटे की हड़ताल का आह्वान किया था, लेकिन रविवार देर रात हड़ताल 24 घंटे के लिए और बढ़ा दी गई। दुकानदारों, खच्चर और पालकी मालिकों द्वारा आहूत हड़ताल 22 नवंबर को उस समय शुरू हुई थी, जब श्री माता वैष्णो देवी श्रइन बोर्ड ने ताराकोट मार्ग और सांझी छत के बीच 12 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 250 करोड़ की ‘रोपवे’ परियोजना को अमल में लाने की योजना की घोषणा की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (रियासी) परमवीर सिंह ने बताया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है और हम हालात संभालने की कोशिश कर रहे हैं।