Site icon Dainik Savera Times

CM Omar Abdullah ने बारिश से संबंधित घटनाओं से पीडि़तों के परिजनों को 6 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की

जम्मू : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राजौरी और पुंछ जिलों में बारिश से संबंधित घटनाओं में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को शोक संतप्त परिवारों की सहायता के लिए तत्काल उपाय के रूप में 6 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। अचानक आई बाढ़, भूस्खलन और बारिश से संबंधित अन्य घटनाओं के कारण हुई जानमाल की दुखद क्षति पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता प्रभावित परिवारों द्वारा झेली गई अपूरणीय क्षति की भरपाई नहीं कर सकती है, लेकिन सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कल पुंछ और राजौरी में आई अचानक बाढ़, भूस्खलन और बारिश से संबंधित अन्य घटनाओं के कारण हुई जानमाल की अपूरणीय क्षति की भरपाई किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता से नहीं की जा सकती, फिर भी शोक संतप्त परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए प्रत्येक मृतक के परिजनों को 6 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इस राहत पैकेज में राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से 4 लाख रुपए और मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से अतिरिक्त 2 लाख रुपये शामिल हैं।

राजौरी और पुंछ जिलों में आई विनाशकारी बाढ़ और बारिश से संबंधित अन्य घटनाओं के बाद, जिनमें कई लोगों की मौत हुई और सार्वजनिक और निजी संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा, रविवार शाम को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद यह घोषणा की गई है। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासन को प्रभावित परिवारों की तत्काल राहत और पुनर्वास सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और इस बात पर जोर दिया कि सभी संभव सहायता बिना किसी देरी के उन तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं को बहाल करने और राहत उपायों में तेजी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया।

Exit mobile version