Site icon Dainik Savera Times

गुलमर्ग में सीजन की सबसे ठंडी रात; ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी

Gulmarg: Tourists gather near the Gondola cable car station after fresh snowfall at Apharwat, in Gulmarg, Jammu and Kashmir, Sunday, Nov. 15, 2026. (PTI Photo/Burhaan Kinu)(PTI11_15_2026_000196A)

जम्मू/श्रीनगर : उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित गुलमर्ग में इस सर्दी की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 2.5 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया। जम्मू-कश्मीर के कई ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी से तापमान में और गिरावट आई है। जानकारी के अनुसार शनिवार और रविवार की दरमियानी रात सोनमर्ग, गुरेज घाटी और जोजिला दर्रे में 1-2 इंच ताजा बर्फबारी हुई।

गुलमर्ग में भी हल्की बर्फबारी हुई, हालांकि जमीन पर बर्फ की खास परत नहीं जमी। रविवार सुबह सिंथन टाप, मार्गन टाप और पीर की गली में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। यह बर्फबारी 12 और 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर में आए मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कुछ दिनों बाद हुई है। उस दौरान मैदानी इलाकों में व्यापक बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई थी। साधना टाप और राजदान दर्रे में एक फुट से ज्यादा, जबकि सिंथन टाप पर 8-10 इंच बर्फ जमा हुई थी।

आमतौर पर नवंबर में घाटी में तापमान गिरना शुरू हो जाता है। सर्दियों का सबसे कठोर 40 दिनों का दौर ‘चिल्लई कलां’ 21 दिसंबर से शुरू होकर 30 जनवरी तक चलता है। इस बीच, मौसम विभाग ने 15 से 21 नवंबर तक पूरे जम्मू-कश्मीर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, 20 और 21 नवंबर के आसपास आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।

Exit mobile version