Site icon Dainik Savera Times

जम्मू मंडल आरपीएफ की सराहनीय पहल; 58 बच्चों को सुरक्षित बचाया

जम्मू : जम्मू मंडल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्री सुरक्षा, बाल संरक्षण और यात्रियों के सामान की सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ आदित्य के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में चलाए गए अभियानों के तहत आरपीएफ ने मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत आरपीएफ ने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में भटके, घर से भागे तथा बिछुड़े हुए कुल 58 बच्चों को सुरक्षित बचाया।

इनमें 40 लड़के और 18 लड़कियां शामिल हैं। बचाए गए बच्चों में 44 घर से भागे हुए, 5 ट्रेन या स्टेशन पर छूटे हुए तथा 9 गुमशुदा बच्चे थे। सभी बच्चों को आवश्यक देखभाल और सहायता प्रदान करने के बाद नियमानुसार संबंधित गैर-सरकारी संगठनों को सौंप दिया गया। वहीं, 1 जनवरी से 26 नवंबर 2026 तक चलाए गए ऑपरेशन ‘अमानत’ के तहत आरपीएफ ने यात्रियों के भूले या छूटे हुए 450 सामान बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए।

इन सामानों का कुल अनुमानित मूल्य 76,29,661 रुपये है। इस अभियान में जम्मू इकाई सबसे आगे रही, जहां 39,02,120 रुपये मूल्य के 160 सामान लौटाए गए। वहीं श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा इकाई ने 11,92,135 रुपये मूल्य के 91 सामान यात्रियों को वापस किए। पठानकोट कैंट सहित मंडल की अन्य इकाइयों ने भी सराहनीय योगदान दिया। आरपीएफ के इन प्रयासों से रेल यात्रियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है। जम्मू मंडल ने बच्चों, महिलाओं और सभी रेल यात्रियों की सुरक्षित एवं सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Exit mobile version