Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू-कश्मीर में डेंगू का कहर: कठुआ में एक दिन में 26 नए मामले, स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी चिंता

October 16, 2025

जम्मू-कश्मीर में डेंगू का कहर: कठुआ में एक दिन में 26 नए मामले, स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी चिंता

कठुआ : जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। आपको बता दें कि स्वास्थ्य विभाग के लगातार प्रयासों के बावजूद बीमारी पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। बुधवार को एक ही दिन में डेंगू के 26 नए मामले सामने आने से विभाग में हड़कंप मच गया है। इससे पहले रोजाना 5 से 10 मामले सामने आ रहे थे, लेकिन एक ही दिन में 26 मरीजों की पुष्टि ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा है।

लगातार बढ़ रहे मरीज

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अब तक कठुआ जिले में डेंगू के कुल 541 मरीज दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से 395 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 123 मरीज फिलहाल एक्टिव केस के रूप में इलाज करा रहे हैं। इनमें से 3 मरीजों का इलाज GMC कठुआ में चल रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि डेंगू के मामले अब रुकने के बजाय लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।

सबसे ज्यादा असर शहर में

डेंगू का सबसे ज्यादा असर कठुआ शहर में देखा जा रहा है, जहां गंदगी और मच्छरों के पनपने के स्रोत बढ़े हुए हैं। हर साल की तरह इस बार भी शहर में सफाई व्यवस्था की खामियों के कारण डेंगू फैल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि डेंगू प्रभावित इलाकों में फॉगिंग और एंटी-लार्वा स्प्रे लगातार किया जा रहा है। विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन ने भी मीडिया और प्रचार अभियानों के जरिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

बचाव ही सबसे बड़ा उपाय

डेंगू से बचाव के लिए विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि घर के आसपास पानी जमा न होने दें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का प्रयोग करें। बदलते मौसम और बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें