जम्मू कश्मीर डेस्कः नए साल के अवसर पर माता वैष्णो देवी धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। नए वर्ष की शुरुआत माता के दर्शन के साथ करने की श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) ने यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
श्राइन बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक नोट जारी कर भवन में उपलब्ध सुविधाओं और नए साल के लिए किए गए विशेष प्रबंधों की जानकारी दी है।
श्रद्धालुओं को मिलेंगे स्मार्ट लॉकर
श्राइन बोर्ड के अनुसार, स्मार्ट लॉकर सुविधा भवन के कमरा नंबर-04, वेटिंग हॉल (राम मंदिर), दुर्गा भवन, पार्वती भवन, गेट नंबर-03 और अर्धकुंवारी में उपलब्ध है। कमरा नंबर-04 में यह सुविधा उन श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क होगी जिनकी SSVP, अटका आरती, नवचंडी पाठ, ग्रुप अटका, कटड़ा-पंछी हेलिकॉप्टर या जम्मू-भवन-जम्मू पैकेज की बुकिंग कन्फर्म है। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए श्रद्धालुओं को अपनी बुकिंग रसीद पर कमरा नंबर-04 स्थित रिसेप्शन काउंटर से मुहर लगवानी होगी।
24 घंटे मिलेंगी पंजीकरण सुविधाएं
ताराकोटे यात्रा पंजीकरण काउंटर RFID यात्रा पंजीकरण कार्ड जारी करने के लिए 24×7 कार्यरत रहेगा। बाणगंगा काउंटर अनधिकृत या अमान्य कार्ड रखने वाले तीर्थयात्रियों को यात्रा कार्ड जारी करेगा। इसके अलावा, रात 10 बजे के बाद कटड़ा पहुंचने वाले यात्रियों को वैध ऑनलाइन पंजीकरण रसीद या ट्रेन टिकट के आधार पर भी पंजीकरण सुविधा दी जाएगी। रेलवे स्टेशन स्थित यात्रा सुविधा काउंटर पर विशेष डेस्क रात 12 बजे तक कार्यरत रहेगा।
भवन में निःशुल्क ठहरने की सुविधा
श्रद्धालुओं के लिए श्राइन बोर्ड द्वारा फ्री धर्मशाला सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह सुविधा कटड़ा के निहारिका कॉम्प्लेक्स, अर्धकुंवारी, सांझीछत और भवन स्थित दुर्गा भवन में पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दी जाएगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को कंबल और लॉकर जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
5 जनवरी तक चलेगी स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने भी अहम कदम उठाया है। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने विशेष आरक्षित ट्रेन संख्या 04081/04082 के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा जाने वाली ट्रेन संख्या 04081 अब 4 जनवरी 2026 तक चलेगी, जबकि कटड़ा से नई दिल्ली लौटने वाली ट्रेन संख्या 04082 का संचालन 5 जनवरी तक किया जाएगा।

