Site icon Dainik Savera Times

स्वतंत्रता दिवस से पहले DIG दक्षिण कश्मीर ने अनंतनाग में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की

श्रीनगर: स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर दक्षिण कश्मीर रेंज के डीआईजी जावेद इकबाल मट्टू ने जिला पुलिस कार्यालय अनंतनाग में व्यापक सुरक्षा समीक्षा बैठक की। बैठक में दक्षिण कश्मीर के मौजूदा सुरक्षा हालात और स्वतंत्रता दिवस के लिए तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा दक्षिण कश्मीर रेंज के सभी जिलों के एसएसपी शामिल हुए।

डीआईजी ने दक्षिण कश्मीर में समग्र सुरक्षा स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए परिचालन तैयारियों, सुरक्षा तैनाती, क्षेत्र में दबदबा अभियान, निगरानी, नाका चेकिंग, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा तथा संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लागू सुरक्षा उपायों और परिचालन रणनीतियों की जानकारी डीआईजी को दी।

सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत करने, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय तथा खुफिया सूचनाओं के समय पर आदान-प्रदान को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। डीआईजी ने सभी अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सक्रिय सुरक्षा उपायों, गश्त और चेकिंग में तेजी, सुरक्षा माहौल पर करीबी नजर रखने तथा किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में त्विरत कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Exit mobile version