Site icon Dainik Savera Times

जन्मदिन मनाने निकले दोस्तों में खूनी विवाद, खुशियों की रात बनी मातम

Dispute among friends, happiness turns into mourning : जम्मू। जिस जन्मदिन की रात दोस्तों के साथ हंसी-खुशी और यादगार पलों के लिए शुरू हुई थी, वही कुछ देर बाद मातम में बदल गई। जानीपुर के लोअर रूपनगर इलाके में कार सवार चार दोस्तों के बीच पार्टी के दौरान हुआ मामूली मजाक अचानक खूनी विवाद में बदल गया। देखते ही देखते खुशियों का माहौल चीख-पुकार और तनाव में तब्दील हो गया, जिसने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।

मृतक की पहचान पवन कुमार उर्फ समीर, उम्र 36 वर्ष, निवासी सांबा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नीरज उर्फ अंशु निवासी नार्दनी, दोमाना का जन्मदिन था। चारों दोस्तों ने सड़क किनारे कार खड़ी की और देर रात केक काटकर जन्मदिन मनाना शुरू किया। इसी दौरान बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगाने को लेकर दोस्तों के बीच मजाक चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी मामूली बात को लेकर पवन कुमार और नीरज के बीच पहले कहासुनी हुई और बाद में विवाद धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान नीरज ने पवन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी नीरज और उसके दो साथी कथित तौर पर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार और आरोपितों की तलाश कर रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी आरोपी की आधिकारिक पुष्टि की जानी बाकी है।

Exit mobile version