श्रीनगर: प्रधान सचिव कौशल विकास विभाग (एसडीडी), डा.असगर हसन समून ने मंगलवार को सिविल सचिवालय में कैपेक्स बजट 2023-24 के निर्माण पर चर्चा और समीक्षा करने के लिए एक बैठक की। इस दौरान उन्होंने बजट और सीएसएस 2022-23 कैपेक्स के तहत चल रही परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक में निदेशक एसडीडी, आरएंडबी कश्मीर जम्मू के मुख्य अभियंता, डीएसडी जम्मू श्रीनगर के संयुक्त निदेशकों के साथ-साथ सरकारी पॉलिटैक्निक और आईटीआई जम्मू कश्मीर के संबंधित प्रधानाचार्यों और अधीक्षकों ने व्यक्तिगत और वर्चुअल मोड के माध्यम से भाग लिया।
उन्होंने सभी प्रासंगिक मुद्दों पर चर्चा की और कैपेक्स बजट 2023- 24 के निर्माण के संबंध में संबंधित आवश्यकताओं के बारे में पूछताछ की। डा.समून ने निदेशक एसडीडी से सिविल कार्यों और अन्य कार्यों के संबंध में आवश्यकताओं को शामिल करने के लिए कहा ताकि एक व्यापक कैपेक्स बजट तैयार किया गया जाए। उन्होंने नियमित और आईटीआई दोनों क्षेत्रों में रखरखाव और मुरम्मत का आंकलन करने के अलावा परियोजनाओं पर भौतिक और वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक के दौरान डा.समून ने अब तक हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्धारित समय सीमा केभीतर परियोजनाओं को पूरा करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से कौशल अंतराल की पहचान करने और संबंधित विभागों के समन्वय में आवश्यक कौशल विकसित करने का आह्वान किया। डा. समून ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी चल रही और नई परियोजनाएं सफलतापूर्वक और समय सीमा के भीतर पूरी हो जाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि विभाग के उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए परियोजनाओं को समय पर पूरा करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को गुणवत्ता नियंत्रण बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने और परियोजनाओं को निर्दिष्ट मानकों के अनुसार निष्पादित करने को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।