
जम्मू : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को कहा हम मादक पदार्थों के व्यापार की हर कड़ी को तोड़ रहे हैं। चाहे सीमा पार तस्कर हों, ड्रग पेडलर हों या आतंकी संगठनों को वित्तपोषित करने वाले हों, उनके लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। हमारी एजेंसियां हर नार्को-आतंकवादी का पीछा कर रही हैं और उनके नेटवर्क को पूरी तरह से नष्ट कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग दो महीनों में, केंद्र शासित प्रदेश के सभी वर्गों के नागरिकों ने सड़कों पर उतरकर प्रभावित परिवारों का दर्द साझा किया है और हमारे युवाओं में जोश भर दिया है।
उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ जमीनी स्तर पर प्रतिरोध को बढ़ावा देना और मादक पदार्थों से जुड़े आतंकवाद को समाप्त करना है। उपराज्यपाल किश्तवार में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। यह अभियान अब तक जम्मू-कश्मीर के 19 जिलों में चलाया जा चुका है, जिससे गांवों और कस्बों से नशीली दवाओं के उन्मूलन के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को बल मिला है। उपराज्यपाल ने कहा,छले 56 दिनों से मेरा एक ही मिशन रहा है – इस धरती से हर नशीले पदार्थ तस्कर और नार्को-आतंकवादी का खात्मा करना।
नार्को-आतंकवादियों और नशीले पदार्थों के तस्करों को, चाहे वे पुलवामा में हों या रामबन में, कुलगाम में हों या किश्तवाड़ में, यह सच्चाई समझ लेनी चाहिए कि जो लोग हमारी युवा पीढ़ी का भविष्य बर्बाद करेंगे, उनके लिए कोई दया नहीं दिखाई जाएगी। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नशीले पदार्थों के आतंकवादियों के लिए कोई दया नहीं है। उपराज्यपाल ने कहा यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि नशा मुक्ति का मार्ग तलाश रहे लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए और उन्हें करुणा और सम्मान के साथ मुख्यधारा में वापस लाया जाए।
लेकिन उन नशीले पदार्थों के आतंकवादियों पर दया नहीं दिखाई जा सकती जो दूसरों के विनाश से लाभ कमाते हैं, जो तबाही से फलते-फूलते हैं, जिनका उद्देश्य किश्तवाड़ के गांवों और कस्बों से जीवन छीन लेना है। मेरा उद्देश्य बिल्कुल स्पष्ट है कि नशीले पदार्थों के आतंकवादियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और निदोर्षों की अटूट सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उपराज्यपाल ने कहा कि हालांकि जम्मू-कश्मीर नशामुक्त अभियान 100 दिनों के लिए निर्धारित है, लेकिन यह एक बहुत बड़ी लड़ाई की शुरूआत है।
उन्होंने कहा कि इस खतरे को खत्म करने के लिए निरंतर प्रयास की आवश्यकता है। उपराज्यपाल ने कहा वर्षों का युद्ध है, सप्ताहों की लड़ाई नहीं। जीत के लिए एकजुट होकर चौबीसों घंटे प्रतिबद्ध रहना आवश्यक है। समाज के समग्र सहयोग से हम यह सुनिश्चित करेंगे कि जम्मू-कश्मीर की धरती मादक पदार्थों के तस्करों और धंधेबाजों से पूरी तरह मुक्त हो जाए। जम्मू-कश्मीर में पदयात्रा के दौरान मैंने युवा पुरुषों और महिलाओं के अविश्वसनीय साहस को देखा है, जिन्होंने नशे की बेडि़यों को तोड़कर अपने जीवन को पुन: संवारने का प्रयास किया है। इसीलिए हम असफल नहीं हो सकते।
यह अभियान जम्मू-कश्मीर की आत्मा का मामला है।
लेफ्टिनेंट गवर्नर ने कहा कि युवाओं की सुरक्षा के लिए, प्रशासन इस मिशन की भावना को हमारे पड़ोस के ताने-बाने में समाहित कर रहा है, समुदायों को चेतावनी के संकेतों को पहचानने, समय रहते हस्तक्षेप करने और एक दूसरे की रक्षा करने के लिए तैयार कर रहा है। जनता ने एक स्वर में कहा है कि नशीले पदार्थों के आतंकवादियों को इस धरती से भगाना ही होगा।