Site icon Dainik Savera Times

बढ़ती गर्मी के कारण दिन के समय श्रद्धालुओं की संख्या में आई कमी

कटड़ा : भीषण गर्मी के कारण दिन के समय यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम देखने को मिल रही है, जबकि शाम ढलते ही हजारों श्रद्धालु परिवार व मित्रों के साथ आधार शिविर कटड़ा से पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। इन दिनों क्षेत्र में तापमान बढ़ने के चलते अधिकांश श्रद्धालु शाम, रात्रि तथा प्रात:काल के सुहावने मौसम में यात्रा करना अधिक पसंद कर रहे हैं। दिन के समय यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी श्रद्धालु जगह-जगह विश्राम कर, शीतल जल ग्रहण करते हुए माता के जयकारों के साथ धीरे-धीरे भवन की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, रोपवे सुविधा, घोड़ा-पिट्ठू एवं पालकी सेवाएं भी सुचारु रूप से उपलब्ध हैं, जिनका बड़ी संख्या में श्रद्धालु लाभ उठा रहे हैं। श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ तथा आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी और जवान यात्रा मार्ग पर लगातार तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सहायता कर रहे हैं।

साथ ही यात्रियों से जारी दिशा-निदेर्शों का पालन करने की अपील भी की जा रही है ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे। मां वैष्णो देवी के दर्शन के बाद श्रद्धालु परंपरा अनुसार भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर अपनी यात्रा पूर्ण कर रहे हैं। यात्रा पूर्ण करने के पश्चात श्रद्धालु कटड़ा बाजार में प्रसाद व स्मृति चिन्हों की खरीददारी भी कर रहे हैं, जिससे स्थानीय बाजारों में रौनक बनी हुई है।

आंकड़ों के अनुसार 17 मई को लगभग 37,500 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए, जबकि सोमवार 18 मई को शाम चार बजे तक करीब 25,000 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है।

Exit mobile version