जम्मू/श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के अशदार गली इलाके में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त तलाशी अभियान में एक आतंकवादी मारा गया है। सुरक्षाबलों ने मौके से एक एके सीरीज राइफल और अन्य युद्ध संबंधी सामग्री बरामद की है। इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है। जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को आतंकियों की गतिविधि के संबंध में विशेष खुफिया सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर अशदार गली के सामान्य क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और जब संदिग्धों को चुनौती दी गई तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया।
अधिकारियों के अनुसार, खुफिया सूचना में पुलवामा के पखेरपोरा से बडगाम के यूसमर्ग की ओर संदिग्ध आतंकियों की आवाजाही का इनपुट शामिल था। मुठभेड़ में मारे गए आतंकी की पहचान अभी नहीं हो सकी है। वहीं, इलाके में एक अन्य आतंकी के छिपे होने की आशंका के चलते तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। सेना की चिनार कोर के अनुसार अभियान के दौरान सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि पर कार्रवाई की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।
सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समाप्त किया जा सके। यह कार्रवाई घाटी में कई महीनों की अपेक्षाकृत शांति के बाद सामने आई है। फिलहाल अभियान जारी है और सुरक्षा बल इलाके में पूरी सतर्कता बरत रहे हैं।

