जम्मू-कश्मीर डेस्कः राज्य के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई है। छिपे हुए आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण गोलीबारी जारी है।
गौरतलब है कि किश्तवाड़ जिले के ऊपरी इलाकों में आतंकियों के सफाए के लिए पिछले कई दिनों से एक बड़ा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया था।
‘ऑपरेशन त्राशी-1’ रविवार को छातरू बेल्ट के मंडराल–सिंहपोरा के पास सोनार गांव में शुरू किया गया था, जिसके बाद आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक पैराट्रूपर शहीद हो गया, जबकि सात अन्य जवान घायल हुए हैं।
हमले के बाद आतंकी घने जंगलों की ओर भागने में सफल रहे थे। हालांकि, सुरक्षाबलों ने आतंकियों के एक सुनियोजित ठिकाने को नष्ट कर दिया, जहां से खाने-पीने का सामान, बर्तन और बड़ी मात्रा में सर्दियों के लिए जमा किया गया सामान बरामद हुआ। इसी बीच, अब एक बार फिर छिपे हुए आतंकियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ शुरू हो गई है।
वहीं दूसरी ओर, अखनूर के समाह क्षेत्र में एक स्थानीय युवक ने बीती रात 3–4 संदिग्ध लोगों को देखने का दावा किया है। इसके बाद पूरे इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
Video : हत्या के पीछे की साजिश बेनकाब,रौंगटे खड़े कर देगी वजह ! पुलिस ने खोला राज

