Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

हमले के बाद फारूक अब्दुल्ला का आया बयान, कहा- किसी भी धर्म में नफरत की शिक्षा नहीं दी जाती

March 12, 2026

हमले के बाद फारूक अब्दुल्ला का आया बयान, कहा- किसी भी धर्म में नफरत की शिक्षा नहीं दी जाती

जम्मू-कश्मीर डेस्क: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार रात एक कार्यक्रम के दौरान हमला करने की कोशिश की गई। यह घटना जम्मू-कश्मीर के ग्रेटर कैलाश इलाके में एक शादी समारोह के दौरान हुई। हालांकि सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के कारण हमला नाकाम हो गया और फारूक अब्दुल्ला पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घटना के बाद फारूक अब्दुल्ला ने मीडिया से बातचीत करते हुए पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब वे कार्यक्रम खत्म होने के बाद बाहर निकल रहे थे, तभी अचानक उन्हें पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद शादी समारोह में पटाखे चलाए जा रहे हैं। लेकिन कुछ ही क्षण बाद सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत उन्हें सुरक्षित वाहन में बैठा दिया।

बाद में सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें बताया कि एक व्यक्ति पिस्तौल लेकर वहां पहुंचा था और उसने दो गोलियां चलाई थीं। हालांकि सुरक्षा घेरे ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को संभाल लिया और हमलावर अपने मकसद में सफल नहीं हो पाया। फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि वह आरोपी को नहीं जानते और न ही उसके बारे में उन्हें कोई जानकारी है।

उन्होंने अपने सुरक्षा कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि National Security Guard (NSG) और स्थानीय पुलिस के जवानों ने उनकी सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी। सुरक्षा कर्मियों की बहादुरी और तत्परता के कारण ही उनकी जान बच सकी। इस घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर फारूक अब्दुल्ला का हालचाल पूछा। अमित शाह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इस मामले की पूरी जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह सुरक्षा में चूक थी या नहीं। शादी समारोह में कई बड़े लोग मौजूद थे, लेकिन वहां पुलिस की औपचारिक तैनाती नहीं थी। हालांकि उनकी निजी सुरक्षा टीम उनके साथ मौजूद थी, जिसने तुरंत कार्रवाई की।

उन्होंने कहा कि अल्लाह की मेहरबानी और सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के कारण उनकी जान बच गई। फारूक अब्दुल्ला ने इस घटना को समाज में बढ़ती नफरत से भी जोड़ते हुए कहा कि किसी भी धर्म में नफरत की शिक्षा नहीं दी जाती। सभी धर्म इंसान को प्यार और भाईचारे का संदेश देते हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावर की पहचान तथा उसके मकसद का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें