Site icon Dainik Savera Times

माता वैष्णो देवी के गुफा का महिला इन्फ्लुएंसर ने चुपके से बनाया वीडियो, FIR दर्ज

mata vaishno devi

mata vaishno devi

नेशनल डेस्क। जम्मू-कश्मीर स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल माता वैष्णो देवी की पवित्र गुफा के अंदर फोटो या वीडियो बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। मंदिर परिसर में जगह-जगह इस बारे में साफ निर्देश लिखे होते हैं, ताकि श्रद्धालु नियमों का पालन करें और धार्मिक मर्यादा बनी रहे। इसके बावजूद दिल्ली की एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शिखा रस्तोगी ने गुफा के अंदर चुपके से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

 

नियमों का उल्लंघन और सुरक्षा पर सवाल
पवित्र गुफा के अंदर कैमरा या मोबाइल से शूटिंग करना सख्त मना है। ऐसे में लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर वह महिला कैमरा या मोबाइल अंदर कैसे ले गई। कई श्रद्धालुओं और यूजर्स ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई। मामला सामने आने के बाद अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया और नियमों के उल्लंघन को लेकर एफआईआर दर्ज की गई।

वायरल होने के बाद इन्फ्लुएंसर की आई प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होने और आलोचना बढ़ने के बाद इन्फ्लुएंसर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो डिलीट कर दिया। साथ ही उसका अकाउंट भी पब्लिक से प्राइवेट कर दिया गया। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि वीडियो किस तरह रिकॉर्ड किया गया। क्या हिडन कैमरा था या कोई और डिवाइस।

 

श्राइन बोर्ड की कार्रवाई
मंदिर प्रबंधन संस्था श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने बयान जारी कर बताया कि महिला के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बुधवार को पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई थी और कानून के अनुसार आगे की प्रक्रिया चल रही है।

 

धार्मिक स्थलों पर नियम पालन की जरूरत
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन होना बेहद जरूरी है। इससे श्रद्धालुओं की आस्था, मंदिर की पवित्रता और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

 

Exit mobile version